फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्प्रे डाल परिवार को किया बेहोश, लाखों की चोरी

Sun, 13 May 2018 02:21 AM IST
क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
विज्ञापन
जमालपुर आशिक नगर में हुई चोरी को दिखाती शहनाज। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
चोरों के लिए इन दिनों कृष्ण पक्ष की रातें मुफीद साबित हो रही हैं। ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम दिए जा रहे हैं। शुक्रवार की रात चोरों ने एक आरपीएफ के हेड कांस्टेबल के घर धावा बोल सोते परिजनों को विशेष प्रकार की स्प्रे से बेहोश कर कई लाख का माल चोरी कर ले गए। सुबह जब परिजन जागे तो भी उन्हें नशे जैसा एहसास होता रहा। इस दौरान दो बच्चों की नींद न टूटने के कारण बेसुध अवस्था में उन्हें इलाज के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां से उपचार के बाद घर भेज दिया गया। इस संबंध में थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया।
विज्ञापन


मूल रूप से हाथरस के परसारा निवासी अनवार खान पुत्र वसीर खां अलीगढ़ जंक्शन के आरपीएफ थाने में बतौर हेड कांस्टेबल तैनात हैं। वे यहां मकान बनाकर परिवार सहित सिविल लाइंस के जमालपुर आसिफ नगर में रहते हैं। रात वह पत्नी शहनाज, बेटा शोएब (18), जुड़वां बेटियां खुशी व मुस्कान (16) संग घर के एक कमरे में सोये हुए थे। सुबह करीब पांच बजे खुशी की आंख खुली तो उसने खुद को नशे जैसी स्थिति में पाया। फिर उसकी नजर कमरे में बिखरे सामान व खुली अलमारी पर गई तो वह दंग रह गई।

उसने अपने मम्मी-पापा को जगाया। इस पर अनवार ने घर का जायजा लिया तो पाया कि रात में किसी समय चोर छत पर लगे जाल को तोड़कर अंदर घुसे हैं। इसके बाद उन्होंने किसी विशेष स्प्रे से परिजनों को बेसुध किया, क्योंकि अनवार व शहनाज पर भी जागने के बावजूद नशा जैसा छाया हुआ था। शोएब व मुस्कान तो ऐसी बेहोशी में थे। वे तमाम प्रयास के बाद भी जाग नहीं पा रहे थे।
विज्ञापन


इसके बाद अनवार ने पुलिस को सूचना दी। सोएब व मुस्कान को जेएन मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। जहां उन्हें कुछ समय तक इलाज के बाद घर भेज दिया गया। इधर, पुलिस को मौका मुआयने के समय अनवार ने बताया कि उन्हें एक प्लाट का बैनामा कराना है, जिसके लिए वह अपने पिता से  ढाई लाख रुपये लेकर आए थे और एक लाख रुपया उनके पास पहले से था। इस तरह घर से साढ़े तीन लाख रुपये नकद, जेब से दस हजार रुपये व ढाई लाख रुपये कीमत के जेवरात आदि सामान चोरी गया है। इस सूचना पर इंस्पेक्टर आरपीएफ भी अनवार के घर पहुंचे। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस के अनुसार तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

महिलाएं जगराते में व्यस्त, चोर घरों में मस्त
महानगर के क्वार्सी इलाके की जवाहर नगर कालोनी के तीन बंद मकानों से चोर हजारों का माल साफ कर गए। बताया गया है कि राकेश पुत्र खचेरमल अपनी किसी रिश्तेदारी में गया हुआ था। शुक्रवार को पड़ोसी देवकी नंदन व क्वार्सी थाने के चौकीदार राजकुमार कालोनी के ही रमेशचंद के बेटे की बारात गए हुए थे। महिलाएं रात को जगराता कर रही थीं, तीनों घरों में कोई नहीं था। इसी समय मौका पाकर चोर तीनों घरों में घुस आए। वे राकेश के घर से एक मोबाइल व 5000 रुपये नकद, देवकीनंदन के घर से दो जोड़ी चूड़ियां, दो जोड़ी कुंडल और राजकुमार के घर से मोबाइल, 5000 रुपये और तोड़िया चोरी कर ले गए। चोर छत के रास्ते से आए थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें