श्रीधाम एक्सप्रेस कांड, आईओसी इंजीनियर अपहरण कांड से सुर्खियों में आए शार्प शूटर सोनू गौतम और उसका बेहद करीबी हिस्ट्रीशीटर विशाल गौड़ की शहर में लगातार सक्रियता से पुलिस की भृकुटियां तन गई हैं। शनिवार को पुलिस ने इन दोनों के छिपने के तीन ठिकानों पर एक साथ दल-बल के साथ दबिश दी और वहां मिले लोगों को सीधे-सीधे चेतावनी दी कि या तो वह हाजिर हो जाएं या जिला छोड़ जाएं। वरना गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। बता दें कि विशाल गौड़ को पुलिस रंगदारी मांगने के एक मुकदमे में तलाश रही है, जबकि सोनू गौतम से भी कई मुकदमों को लेकर पूछताछ होनी है। इनमें हाल ही में हुई लुटेरे नितिन शर्मा की गिरफ्तारी का मुद्दा भी शामिल है।
पहली दबिश एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव की अगुवाई में शनिवार दोपहर पुलिस टीम ने सबसे पहले गांधीपार्क के हिस्ट्रीशीटर विशाल गौड़ के नौरंगाबाद छावनी स्थित घर पर दबिश दी। यहां परिजनों से विशाल के साथ-साथ शार्प शूटर सोनू गौतम को लेकर भी पूछताछ की। पुलिस को खबर थी कि विशाल के घर पर सोनू का काफी आना जाना है। मगर यहां परिजनों के अलावा कोई नहीं मिला।
इसके बाद दूसरी दबिश पुलिस ने सासनी गेट लोधी विहार में पूर्व विधायक मलखान सिंह हत्याकांड सहित ऋण देने के नाम पर ठगी के कई सैकड़ा मुकदमों में जेल गए प्रेम सिंह के आवास पर दी। यहां भी विशाल व सोनू के छिपने का ठिकाना है। मगर यहां भी दोनों में से कोई नहीं मिला और बाद में पुलिस ने यहां मौजूद लोगों को हिदायत दी कि अगर शरण दी तो उन लोगों को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
तीसरी दबिश गोंडा एसओ ने सोनू गौतम के शहरी मदन गढ़ी स्थित गांव में पैतृक आवास पर दी। यहां परिजनों ने सोनू या विशाल के न होने की बात कही। यहां भी पुलिस ने परिजनों को हिदायत दी कि वह या तो हाजिर हो जाएं या फिर जिला छोड़ दें। वरना पुलिस स्तर से कार्रवाई की जाएगी। एकाएक तीन-तीन ठिकानों पर दबिश से जरायम पेशेवरों में खासी हलचल है।
किसी बड़ी वारदात को दे सकते हैं अंजाम
पुलिस अधीक्षक नगर अतुल श्रीवास्तव के अनुसार फिलहाल हिस्ट्रीशीटर विशाल गौड़ पर पिछले माह नौरंगाबाद के एक परचून व्यापारी की दुकान पर पहुंचकर रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज है, जबकि पेशेवर शूटर सोनू गौतम किसी मुकदमे में सीधे तौर पर वांछित नहीं है। मगर उसको लेकर कुछ मुकदमों में जानकारियां मिली हैं, जिससे पूछताछ होना जरूरी है। हाल ही में पकड़े गए लुटेरे नितिन शर्मा ने भी कुछ इनपुट दिए हैं। इन दोनों को लेकर इनपुट है कि यह दोनों मिलकर शहर व जिले में रंगदारी वसूली से लेकर जमीन के धंधों में दखल जैसे काम कर रहे हैं। इसके अलावा इनकी जुगलबंद जोड़ी की कुछ रंजिशें भी चल रही हैं। इसे लेकर यह किसी वारदात को भी अंजाम दे सकते हैं। इन तमाम आशंकाओं पर काम करते हुए इन्हें खोजा जा रहा है। फिलहाल प्रेम सिंह सहित इनके अन्य शरणदाताओं को चेतावनी दी गई है। फिर तगड़ी कार्रवाई होगी।
विशाल लंबे समय से बाहर, सोनू भेजा गया था जेल
इन दोनों को लेकर पिछले आपराधिक रिकार्ड पर गौर करें तो विशाल गौड़ करीब एक दशक से जिले से बाहर नोएडा में रहता है। मगर अब कुछ समय से उसकी यहां सक्रियता बढ़ गई है। माना जा रहा है कि सोनू के बाहर आने के बाद से उसकी सक्रियता बढ़ी है। सोनू को करीब तीन साल पहले पंचायत बन्नादेवी से जेल भेजा गया था। लंबे समय जेल में रहने के बाद वह जमानत पर बाहर आया। इससे पहले सोनू पर पूर्व विधायक मलखान सिंह की हत्या, आगरा की चर्चित सपा नेत्री शम्मी कोहली के हत्यारोपी मोहित की श्रीधाम एक्सप्रेस में पुलिस कस्टडी में हत्या, आईओसी इंजीनियर अपहरण कांड सहित कई बड़े अपराध हैं।