बिल्डर राजेश अग्रवाल और बसपा नेता धर्मेंद्र चौधरी की पत्नी संगीता चौधरी के बीच चल रहे विवाद में हर दिन नया मोड़ आ रहा है। अब एएसएम साइट पर प्रिंटिंग प्रेस चला रहे उपेंद्र गुप्ता की ओर से संगीता चौधरी के खिलाफ याचिका दायर की गई है, जिसमें धमकियां देने और नशीली कॉफी पिलाकर कागजों पर हस्ताक्षर करा लेने का आरोप लगाया गया है। यह याचिका भी अधिवक्ता के माध्यम से सीजेएम न्यायालय में दायर की गई है।
अधिवक्ता संजय कुलश्रेष्ठ व प्रवीण गुप्ता के अनुसार उपेंद्र गुप्ता एडवरटाइजिंग एजेंसी के साथ साथ राजेश अग्रवाल की एएसएम स्थित साइट पर प्रिंटिंग प्रेस भी चलाते हैं। आरोप के अनुसार संगीता चौधरी के द्वारा वहां से जेनरेटर उठाकर ले जाने के समय वह पहुंच गए थे और विरोध पर उनके साथ अभद्रता की गई थी। इसके बाद एक दिन संगीता चौधरी ने उनकी गैरमौजूदगी में घर पहुंचकर पत्नी को धमकी दी गई थी।
इसके अगले दिन उपेंद्र के अनुसार सुबह-सुबह बात करने के लिए उन्हें संगीता ने घर बुलाया। जहां नशीली कॉफी पिलाकर कुछ कागजों पर दस्तखत करा लिए और बेहोशी की हालत में घर भेज दिया। सीजेएम न्यायालय में दायर की गई याचिका पर सुनवाई के लिए तारीख नियत कर दी गई है।