बदमाशों ने रोड होल्डअप कर चार गाड़ियां लूटीं
जवां थाना क्षेत्र के गोधा के निकट छतारी को जाने वाले बंबा पर बदमाशों ने रोड होल्डअप कर चार गाड़ियों में लूटपाट की। दो घंटे तक बदमाश लूटपाट करते रहे मगर पुलिस इस घटना से बेखबर रही। बाद में पुलिस को घटना की जानकारी हुई तो जवां और छतारी थाने की फोर्स मौके पर पहुंची और मामला दबाने के लिए चालक परिचालक को पांच सौ रुपये देकर चलता कर दिया। पुलिस घटना को रोड होल्डअप मान ही नहीं रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहसनपुर निवासी इंदल सिंह की मेटाडोर किराए पर चलती हैं। शुक्रवार रात करीब 11 बजे उनकी मेटाडोर में गांव के ही एक किसान के अमरूद गाजियाबाद जा रहे थे। मेटाडोर पर चालक गांव का ही जयकिशोर तथा परिचालक ललित था। इंदल सिंह ने बताया कि दोनों लोग गोधा से छतारी वाले बंबा से होते हुए गाजियाबाद जा रहे थे। इसी दौरान छतारी और गोधा के बीच बंबा पर पीपल के पेड़ के पास बदमाशों ने रोड पर ईंट डालकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते बदमाशों ने डंडा मारकर गाड़ी का शीशा तोड़ डाला।
चालक परिचालक को नीचे उतार लिया। दोनों से मारपीट कर दो मोबाइल, नौ हजार रुपये व अन्य सामान निकाल लूट लिया। इंदल सिंह ने बताया कि इसके अलावा कासगंज क्षेत्र से आईं घुईयां से भरी दो गाड़ियों और मुर्गा लेकर जा रही एक गाड़ी को भी बदमाशों ने रोक लिया।
इनके चालक परिचालक से भी नकदी आदि लूट ली। एक गाड़ी को पुलिस जीप समझकर बदमाश भाग गए। पीड़ितों ने एक गाड़ी में छिपा कर रखा गया मोबाइल निकाला और उससे कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। इस पर जवां और छतारी थाने की फोर्स मौके पर पहुंच गई। इंदल सिंह ने बताया कि जयकिशोर के पास एक भी रुपया नहीं बचा तो पुलिस वालों ने उसे पांच रुपये देकर बदमाशों का पता लगाने की बात कहते हुए उसे वहां से चले जाने को कह दिया।
लूट की सूचना पर दोनों थानों की फोर्स तुरंत पहुंची थी। बदमाशों ने गाड़ी रुकवाने के लिए डंडा मारा जिससे शीशा टूट गया। मगर पुलिस के समय से पहुंचने पर बदमाश भाग गए। रोड होल्डअप कर लूटपाट की बात बेबुनियाद है। - नीरज मलिक, एसओ जवां
बदमाशों के इकट्ठा होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच के साथ-साथ बदमाशों की तलाश की जा रही है। -अतुल श्रीवास्तव, एसपी सिटी