लोधा के जौफरी में बंबे में नहाते समय किशोर की डूबकर मौत का प्रकरण रात एक बजे अचानक हत्या में बदल गया। काफी संख्या में लोग एकत्रित होकर लोधा थाने पहुंच गए और एक व्यक्ति को नामजद करते हुए हत्या का आरोप लगा हंगामा किया।
परिजनों का आरोप था कि बच्चे की कुकर्म के बाद हत्या की गई है। जहां पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया, तब जाकर पब्लिक शांत हुई।
बता दें कि मफूजनगर गली निवासी 14 वर्षीय किशोर अपने साथियों के साथ केसौपुर जौफरी बंबा में नहाने गया था। शनिवार शाम पानी में डूब गया था। उस समय तो परिजन बिना कार्रवाई की बात कहे शव ले आए। मगर रात में पहले वह लोग देहली गेट थाने पहुंचे।
वहां से लोधा का मामला बताए जाने पर एक बजे लोधा थाने पहुंच गए। जहां उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पिता ने इलाके के ही लल्ला नाम के व्यक्ति को नामजद करते हुए यह तहरीर दी कि पहले बच्चे संग कुकर्म किया गया। इसके बाद उसे डुबो कर मार दिया गया।
इस पर पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत किया। तहरीर पर मुकदमा दर्ज कराया। एसओ के अनुसार शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द किया गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।