बेखौफ बदमाशों ने बृहस्पतिवार को महानगर के बरौली रोड पर एफएम टॉवर के पास एक स्वास्थ्यकर्मी के घर धावा बोल दिनदहाड़े डाका डाला। तीन बाइकों पर आए आधा दर्जन बदमाशों ने हथियारों के बल पर स्वास्थ्यकर्मी की पत्नी और बेटे को घर में बंधक बना लिया।
इसके बाद नकदी, जेवरात के अलावा लाइसेंसी पिस्टल और एक राइफल की मैैगजीन लूट ले गए। पुलिस ने आसपास क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया मगर कोई सफलता नहीं मिली।
क्वार्सी क्षेत्र में एफएम टॉवर से सटी गुलिस्तां कॉलोनी के पास बरौली रोड पर रहने वाले कासिम रजा जवां सीएचसी के एक्सरे टेक्नीशियन हैं।
इस नवविकसित कालोनी में आसपास ज्यादा मकान नहीं हैं। दोपहर करीब दो बजे उनकी पत्नी नीलोफर घर के बाहरी हिस्से में लगी फुलवारी में पानी दे रही थीं। तभी तीन बाइकों पर आधा दर्जन युवक आकर किसी का पता पूछने लगे। नीलोफर ने पते को लेकर अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि किसी और से पूछ लो।
इसी बीच पर बदमाश उनके करीब आ गए और रिवाल्वर सटाकर अंदर ले गए। 12वीं का छात्र बेटा अंदर पढ़ाई कर रहा था, उसे भी हथियार दिखाकर कब्जे में ले लिया। इस दौरान एक बदमाश बाहर दरवाजे पर निगरानी करता रहा। पांचों ने अंदर पहले मां-बेटे को स्टोर रूम में बंद किया।
यहां दो बदमाश उनकी निगरानी में लगे रहे। डरा धमकाकर घर की चाभियां लेने के बाद करीब 25 मिनट तक बदमाश घर की तलाशी लेते रहे। घर से 50 हजार की नकदी, दस तोला सोने के जेवरात, एक लाइसेंसी पिस्टल, लाइसेंसी राइफल की मैगजीन लेकर चले गए। बदमाश राइफल को बेड पर ही छोड़ गए। जाते समय दोनों को शोर न मचाने की धमकी भी दे गए। बाद में महिला के शोर पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। खबर पाकर पुलिस और गृहस्वामी कासिम भी आ गए।
एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव, सीओ तृतीय राजीव सिंह, इंस्पेक्टर क्वार्सी श्रीप्रकाश यादव ने जांच पड़ताल की। आसपास चेकिंग भी कराई गई। इस संबंध में पीड़ित की ओर से तहरीर दे दी गई है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है।