फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छत पर सो रहे युवक की गला काटकर हत्या

Mon, 20 Aug 2018 01:11 AM IST
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
विज्ञापन
आशीष - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
थाना क्षेत्र के गांव रतरोई में घर की छत पर सोये एक युवक की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। मृतक की गर्दन और छाती पर धारदार औजार से चोट के दो निशान मिले। पास ही सो रही बहन की जब आंख खुली तो बह रहे खून को देखकर उसने चीखपुकार मचाई। मौके पर बगैर बेंट वाला एक चाकू मिला है। मृतक के भाई की ओर से अज्ञात हत्यारों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी गई है।
विज्ञापन


रतरोई निवासी इंदल सिंह के पुत्र आशीष कुमार (21) शनिवार की रात पर छत पर सोया था। पास ही उनकी शादीशुदा बहन पूजा सो रही थी। मां और अन्य भाई-बहन नीचे सो रहे थे। रात करीब 12 बजे धारदार औजार से गला काटकर आशीष की हत्या कर दी गई। करीब डेढ़ घंटे बाद जब पूजा की आंख खुली तो उसने आशीष को खून से सने देखा।

इस पर घबरा कर उसने शोर मचाया। परिजनों से मिली सूचना के बाद गंगीरी थानाध्यक्ष मुनेश सिंह कठेरिया फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि उनके परिवार की किसी से दुश्मनी नहीं है। पुलिस के अनुसार गांव में अवैध संबंध को लेकर भी कुछ चर्चाएं थीं, जिस पर जांच की जा रही है। मृतक के भाई बीटू उर्फ विकास की ओर से अज्ञात हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आशीष तीन भाई और दो बहनों में सबसे छोटा था। दोनों बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि किसी भी भाई की शादी नहीं हुई है। 
विज्ञापन


घर में छिपे हो सकते हैं आशीष की हत्या के राज
 आशीष की हत्या का राज उसके अपने ही घर में छिपा हो सकता है। मौका ए वारदात को देखकर पुलिस को भी ऐसा ही लगता है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी कुछ ऐसा ही कहानी बयां कर रही है। आशीष की मौत शरीर से अधिक मात्रा में रक्त निकलने के चलते ‘शाक हैंब्रेज’ से हुई है। कई ऐसे सवाल सामने खड़े हैं, जिनके जवाब तलाशने के लिए पुलिस के शक की सुई और जांच की दिशा परिवार के सदस्यों पर केंद्रित हो गई है। 

मौका ए वारदात जो चाकू मिला है, उसमें बेंट नहीं है। बगैर बेंट का यह चाकू यदि कोई किसी पर चलाता है तो पहले उसको पकड़ने वाले की ही अंगुलियां कटनी चाहिए थीं। दूसरी खास बात यह है कि इस चाकू पर खून का एक कतरा तक नहीं लगा था। पुलिस मानती है कि यह चाकू जानबूझकर पुलिस को भ्रमित करने की नीयत से मौके पर रखा गया है, जबकि हत्या किसी अन्य हथियार से की गई है। 
पुलिस को एक और बात हैरत करने वाली लग रही है कि पास ही आशीष की विवाहित बहन पूजा सो रही थी।

उसके भाई के ऊपर धारदार औजार से दो जगह हमला हुआ। ऐसे में वह चीखा होगा। भले ही हमलावरों के मुंह दबोचने से चीख घुटी हुई निकली हो लेकिन पास सोए किसी व्यक्ति तक तो पहुंचनी ही चाहिए थी! दूसरी बात यह कि परिजनों के मुताबिक आशीष चारपाई पर सोया था जबकि उसका शव चारपाई से नीचे जमीन पर पड़ा मिला। तो क्या उसे खींचकर अथवा सोते से उठाकर पहले जमीन पर रखा गया और फिर गला काटकर हत्या की गई? ऐसे में भी आशीष की आंख खुली होगी? उसने विरोध भी किया होगा? उसकी दाहिनी कोहनी में दो खरोंचे इसी विरोध के चलते आई होंगी? बहरहाल इन्हीं सब सवालों से जूझ रही गंगीरी पुलिस अपनी जांच परिवार पर ही टिकाए है।  

रात 11 बजे दिल्ली से घर आया था भाई
हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने वाला आशीष का बड़ा भाई बीटू उर्फ विकास शनिवार की रात 11 बजे ही दिल्ली से घर आया था। वह दिल्ली में प्राइवेट जॉब करता है। ऐसे में संभव है कि हत्या रात 11 बजे के बाद ही हुई होगी। रविवार को दोपहर 12 बजे शव का पोस्टमार्टम हुआ है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 12 घंटे पहले हत्या की बात कही गई है। ऐसे में रात करीब 12 बजे आशीष की हत्या की गई होगी। 
विज्ञापन

आशीष की हत्या का राज परिवार में ही छिपा है। अवैध संबंधों को लेकर भी जांच हो रही है। दो दिन के अंदर हत्या का खुलासा हो जाएगा। 
- मुनेश सिंह कठेरिया, इंस्पेक्टर गंगीरी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें