क्राइम न्यूज, अमर उजाला अलीगढ़।
थाना मडराक क्षेत्र के राम नगर गांव में बच्चों के विवाद में दो परिवारों में मारपीट हो गई। दोनों ही परिवार एससी श्रेणी से हैं। घटना के संबंध में एक पक्ष ने एसएसपी के यहां पर तहरीर दे दी है।
गांव रामनगर की वीरवती पत्नी स्वर्गीय बलवीर सिंह ने दी गई तहरीर में कहा है कि उसका बेटा किंसू कक्षा पांच में पढ़ता है। शुक्रवार की सुबह पास में ही स्कूल गया था। स्कूल में गांव के ही एक परिवार का बच्चा भी पढ़ता है। दोनों बच्चों में स्कूल में झगड़ा हो गया। इस बात की सूचना दोनों बच्चों ने परिजनों को दी। इसके बाद परिजन आमने-सामने आ गए।
देखते ही देखते मामला तूल पकड़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इस दौरान किसी ने इसकी सूचना सौ नंबर को दे दी। मौके पर पहुंची लैपर्ड ने दोनों पक्षों को अलग किया और शांत कराया। इसके बाद एक पक्ष एसएसपी के पास पहुंचा और पूरी घटना के संबंध में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।