क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
थाना क्वार्सी के नगला देवी में शुक्रवार देर रात बाइक सवारों ने एक बच्चे को उठाने की कोशिश की। इस दौरान भीड़ ने बाइक सवारों को पकड़ लिया और मारपीट की, लेकिन बाइक सवार बाइक को छोड़कर भाग गए।
देवी नगला निवासी चंद्रजीत सिंह ने बताया कि एक बाइक पर दो लोग जोकि अपना मुंह बांधे हुए थे उन्होंने एक बच्चे को उठाने का प्रयास किया। बच्चे के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने बाइक सवारों को रोका।
प्रतिरोध स्वरूप उनसे हाथापाई हुई और छीनाझपटी होने लगी। स्थानीय लोगों के बढ़ते हुए दबाव को देखते हुए बदमाश अपनी बाइक को छोड़कर भाग गए और एक वारदात होने से बच गई।
सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और बाइक को अपने कब्जे में लिया। पुलिस बाइक पर अंकित नंबर के आधार पर उसके मालिक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में आए दिन ऐसी वारदातें होती हैं।