क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के सिविल लाइंस इलाके के अमीर निशा से सटी चिक वाली गली के अपार्टमेंट में बैंककर्मी के घर लूट के बाद जाते समय बदमाश सीसीटीवी में कैद हुए हैं। यह तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। अब पुलिस इस सफलता के बाद बाइक आदि के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने को प्रयासरत है और उम्मीद की जा रही है कि बहुत जल्द इस घटना का खुलासा हो जाएगा।
वाकया मंगलवार देर शाम का है, जब बैंककर्मी मो.अरमान के घर में घुसे तीन बदमाश महिलाओं को बंधक बनाकर व बच्चे को गन प्वाइंट पर लेकर 15 लाख रुपये नकद व ढाई लाख रुपये कीमत के जेवरात लूट ले गए थे। इस सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की तो पाया गया कि यह रुपये 15 दिन पहले इस घर में आए थे और कई करीबियों को रुपये घर में होने की जानकारी थी।
इसके आधार पर पुलिस करीबियों पर शक के आधार पर जांच में जुटी थी। इसके बाद इलाके में आते-जाते संदिग्ध लोगों को सीसीटीवी के आधार पर खोजने का प्रयास किया गया। इसी बीच गली में एक सीसीटीवी में यह मिला कि बाइक पर तीन बदमाश जा रहे हैं, जिनके हुलिया व कपड़ों के आधार पर परिजनों ने उन्हें पहचान लिया है। अब पुलिस इन तीनों को पकड़ने के लिए सरगर्मी से तलाश कर रही है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस के अनुसार बहुत जल्द इस कांड का खुलासा किया जाएगा।