न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान में निजी कबड्डी एकेडमी के संचालन की शिकायत पूर्व खेल मंत्री व बरौली विधायक ठा. दलवीर सिंह, खेल निदेशालय व उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के सचिव से की गई है। इस संबंध में खेल प्रोत्साहन समिति के सदस्य व जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव शमशाद निसार आजमी ने इन्हें पत्र भेजा है।
शमशाद निसार ने आरोप ने लगाया कि कॉलेज के मैदान में निजी कबड्डी एकेडमी खोल धन उगाही की जा रही है। उन्होंने निजी एकेडमी के संचालन की अनुमति पर सवाल उठाए हैं। कहा, नियम-कानून की धज्जियां उड़ रही हैं। शमशाद ने कहा कि बरौली विधायक से शिकायत इसलिए की गई है, कि वह खेल मंत्री रह चुके हैं। वे नियम के बारे में भली भांति परिचित होंगे।
उधर, कॉलेज के प्रिंसिपल शीलेंद्र कुमार ने कहा कि एकेडमी के संचालन की अनुमति डीआईओएस ने दी है। उनके विद्यार्थियों से एकेडमी में कोचिंग के नाम पर कोई शुल्क नहीं लिए जा रहे हैं। बाकी के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।