क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
महानगर में सक्रिय झपटमार फिर से चुनौती दे रहे हैं। सोमवार को सप्ताह के पहले दिन पुलिस बैंक चेकिंग और अपराधियों की निगरानी में व्यस्त थी, इसी बीच झपटमारों ने सासनी गेट क्षेत्र में आगरा रोड की पुरानी बस्ती पक्की सराय में महिला से जंजीर झपट ली। इस घटना में शामिल अपराधी सीसीटीवी में कैद हुए हैं, जिसके आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
बताया गया है कि इलेक्ट्रानिक्स गुड्स सप्लाई का व्यापार करने वाले राजेश माहेश्वरी की पत्नी प्रज्ञा माहेश्वरी दोपहर करीब 11.30 बजे घर से निकलकर आगरा रोड देव हॉस्पिटल तक किसी काम से पैदल-पैदल आ रही थीं। घर से चंद कदम आगे बढ़ते ही पीछे से आए बाइक सवार झपट्टा मारकर उनके गले से जंजीर लेकर तेजी से निकल लिए। जब महिला को अपनी जंजीर टूटने का अहसास हुआ तो उनकी नजर बदमाशों पर गई और बाइक पर पीछे बैठे बदमाश के हाथ में उन्हें जंजीर भी दिखाई दी। महिला के शोर पर पब्लिक एकत्रित हो गई। सूचना पर सासनी गेट पुलिस भी पहुंच गई। बाद में जांच पड़ताल में देखा गया कि गली में लगे सीसीटीवी में बदमाश कैद हुए हैं, जिन्हें महिला ने पहचान लिया। सीओ प्रथम विशाल पांडेय के अनुसार घटना के खुलासे को लेकर टीम को लगाया गया है, जल्द गिरफ्तारी होगी।