डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
मंगलवार को दिल्ली जाने वाली ट्रेन में युवती के चक्कर में दो युवकों में जमकर मारपीट हुई। हालात ऐसे हो गए कि एक युवक ने दूसरे को गोली मारने का भी प्रयास किया। यात्रियों के हस्तक्षेप पर मामला शांत हुआ। घटना के दौरान युवती भी अचेत हो गई। युवक ने इस संबंध में जीआरपी थाने में तहरीर दे दी है। उधर, युवती को पुलिस इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची।
सासनी इलाके का युवक मंगलवार को ट्रेन से दिल्ली जा रहा था। उसके साथ एक युवती भी थी। मडराक रेलवे स्टेशन पर एक अन्य युवक उसमें सवार हुआ और उस युवती से बातचीत करने लगा, लेकिन दूसरे युवक को यह नागवार गुजरा। इसी बात को लेकर दोनों युवक भिड़ गए। मारपीट होने लगी।
कोच में हुई मारपीट से अफ रा-तफ री मच गई। इस बीच एक युवक ने हथियार निकाल लिया। हथियार देखकर युवती बेहोश हो गई। रास्ते में हथियार निकालने वाला आरोपी ट्रेन से उतर कर भाग निकला। ट्रेन के स्थानीय रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही दूसरे युवक ने जीआरपी थाने में इस मामले में तहरीर दे दी। पुलिस पीड़ित और युवती को लेकर जिला अस्पताल पहुंची, जहां उसका इलाज कराया गया। जीआरपी ने बताया कि इस मामले में तहरीर के आधार पर जांच कर मामला दर्ज कराया जाएगा।