न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
पोस्टमार्टम हाउस पर गुरुवार को पैसे मांगने के आरोप में एक जिला पंचायत सदस्य सहित कुछ लोगों ने वहां पर तैनात फार्मेसिस्ट के साथ मारपीट कर दी। हमलावरों का आरोप था कि दो दिन पहले एक शव का पोस्टमार्टम करने और बाद में उसकी सिलाई आदि के नाम पर 1500 रुपये मांगे गए थे। मारपीट करने वालों में एक जिला पंचायत सदस्य के शामिल होने की बात कही जा रही है। इस मामले में सीएमओ डॉ. एमएल अग्रवाल ने जांच टीम गठित कर दी है।
दो दिन पहले इगलास क्षेत्र से एक शव पोस्टमार्टम के लिए पोस्टमार्टम हाउस पर आया था। आरोप है कि यहां पर सफेद कपड़े और शव की सिलाई आदि के नाम पर 1500 हजार रुपये मांगे गए। उस समय स्थिति को देखते हुए पैसे दे दिए गए। गुरुवार को पीड़ित पक्ष एक जिला पंचायत सदस्य के साथ फिर से पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचा।
उसी समय वहां पर गोंडा से एक शव आया हुआ था। सुबह 10 बजे कागज आने के बाद भी एक बजे तक पोस्टमार्टम नहीं हुआ था। उससे भी पैसे मांगे जा रहे थे। यहां पर इगलास के लोगों से गोंडा वालों ने अपनी भी समस्या रख दी। इस दौरान दो दिन पहले पीड़ित ने पोस्टमार्टम के जिस आदमी को पैसे दिए थे, उसे पहचान लिया।
इसके बाद दोनों पक्षों में नोकझोंक हो गई। वहां पर मौजूद फार्मेसिस्ट ने मामले में पैसे लेने वाले का पक्ष लिया तो उसके साथ भी मारपीट कर दी गई। इसके बाद आरोपी कार में सवार होकर चले गए। बताया गया कि पहले आरोपी सांसद के आवास पर पहुंचे और पूरी घटना बताई। जिसके बाद मामला सीएमओ तक पहुंचा।
इस मामले में सीएमओ डॉ. एमएल अग्रवाल ने बताया कि इस पूरे प्रकरण की जांच के लिए एसीएमओ डॉ. पीके शर्मा के नेतृत्व में जांच टीम गठित की है। जांच रिपोर्ट शुक्रवार तक उनके पास होगी। इसमें विभागीय प्रतिद्वंद्विता से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।