न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
सादाबाद। कस्बे के मौहल्ला चावड़ वाला निवासी एक युवक की आगरा में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा रहा। शव का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। बताते हैं कि युवक की मौत किसी विषाक्त पदार्थ के कारण हुई।
जानकारी के मुताबिक कस्बे के मौहल्ला चावड़वाला में 26 नवंबर की रात करीब दस बजे एक युवक गली में बसुध अवस्था में पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों ने इस युवक की पहचान शाहरूख पुत्र निजामुद्दीन निवासी मोहल्ला चावड़ वाला के रूप में कर ली और इसकी सूचना उसके परिजनों को दी,जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि शाहरूख की नाक व होठों पर चोट लगी हुई थी।
इसके बाद परिजन उसे पास के ही एक चिकित्सालय में ले गए, जहां उसके मुंह और नाक से झाग निकल रहे थे। जहां चिकित्सक ने करीब एक घंटे तक उसका उपचार किया। उसके बाद परिजन शाहरूख को आगरा ले गए। मृतक के भाई आरिफ ने बताया कि वह शाहरूख को पहले आगरा के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां हालत न सुधरने पर उसे एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा ले जाया गया, तीन दिन तक वहां चले उपचार के बाद गुरुवार की तड़के शाहरूख ने दम तोड़ दिया। शाहरूख की उम्र करीब 21 वर्ष थी। आरिफ ने बताया कि उसके भाई को किसी ने विषाक्त पदार्थ खिलाया है। आगरा में पोस्टमार्टम के बाद गुरूवार की शाम को शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
सड़क दुर्घटना में घायल युवक की मौत
सादाबाद। पिता की मौत के कुछ घंटों बाद ही उसके बेटे की भी मौत हो गई। आगरा रोड पर बुधवार की रात अपने पिता के अंतिम संस्कार से लौट रहे युवक साबिर पुत्र बुुंदु खां निवासी बंगालपुरा को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। सीएचसी पर उपचार के बाद उसे आगरा उपचार के लिए ले जाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई।