जटहां बाजार। बृहस्पतिवार की सुबह पड़री पिपरपाती गांव के महदेवा टोला के सामने ट्राली के एंगल में ट्रक चालक का सिर फंस गया। गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक अचेत हो गया और ट्रक करीब 100 मीटर तक पीछे की ओर चलता रहा। भीड़ में से एक व्यक्ति ट्रक में चढ़ा और उसे रोका। पुलिस ने ट्रक और ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया है।
जटहां बाजार थाना क्षेत्र के पड़री पिपरपाती गांव के महदेवा टोला के सामने सुबह करीब 8 बजे जटहां बाजार की तरफ से ट्रक आ रहा था। वह महदेवा टोला के सामने पहुंचा ही था कि लंबा एंगल लगी ट्रैक्टर ट्राली आ गई। सड़क संकरी होने के कारण चालक ट्रक पीछे करने लगा, लेकिन लापरवाह ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर-ट्राली लेकर आगे बढ़ता गया।
ट्रक चालक अपना सिर बाहर निकालकर पीछे देख रहा था कि एंगल से उसका सिर दब गया। लोगों के मुताबिक, ट्रक चालक अचेत हो गया। उसके बाद भी ट्रक करीब 100 मीटर तक पीछे की ओर चलता रहा। तभी एक व्यक्ति ने ट्रक में चढ़कर किसी तरह उसे बंद किया।
गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय ट्रक चालक फागू चौहान निवासी मरचहवा थाना धनहां बिहार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, ट्रैक्टर चालक अपना वाहन छोड़कर भाग निकला। प्रभारी एसओ नंदलाल यादव ने बताया कि ट्रक और ट्रैक्टर ट्राली को थाने लाया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।