क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
अवैध रूप से पिस्टल की सौदेबाजी करने आए दो बदमाशों को गांधी पार्क पुलिस ने शनिवार रात को मुठभेड़ कर दबोच लिया। बदमाशों के संग पुलिस की मुठभेड़ थाना क्षेत्र के बोनेर तिराहा पर हुई। घटना के समय पुलिस वहां चेकिंग कर रही थी। दोनों बदमाशों को संदिग्ध हालत में देख टोका तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग कर पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। इनके पास से सौदेबाजी की रकम भी बरामद हुई। बदमाशों पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया है।
थाना गांधी पार्क इंस्पेक्टर धीरेंद्र मोहन शर्मा के अनुसार रात को करीब 12:30 बजे पुलिस बोनेर तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चौराहे के पास नसीम खां पुत्र रहीस खां निवासी आसिफ नगर, गुलजार गली, सिविल लाइंस और नवेद पुत्र रहीस अहमद निवासी छोटी मस्जिद टूटी बाउंड्री पुलिस को खड़े दिखे। इनकी हरकतों पर संदिग्धता होने पर एक सिपाही ने जैसे ही इन्हें टोका।
उन्होंने तुरंत फायरिंग कर भागने की कोशिश की। इधर से जवाबी फायरिंग कर पुलिस ने दोनों को घेरकर दबोच लिया। मुठभेड़ में पुलिस और बदमाश में से किसी को गोली नहीं लगी है। दबोचे गए बदमाशों के पास से एक 32 बोर की पिस्टल, एक तमंचा, कारतूस और 28 हजार रुपये बरामद हुए हैं। पूछताछ में पता लगा कि वह पिस्टल की सौदेबाजी करने आए थे। इनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्र्ज कर जेल भेज दिया है।