क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
थाना लोधा की खेरेश्वर चौकी के पास शनिवार को दो बाइक सवार बदमाशों ने दसवीं के छात्र से लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश चौकी से महज चंद कदम की दूरी पर छात्र से तमंचे के बल पर एक स्मार्टफोन लूटकर ले गए।
लोधा के गांव अटलपुर निवासी इमरान खान पुत्र यूनुस खान शनिवार सुबह नौ बजे ट्यूशन पढ़कर साइकिल से घर को लौट रहा था। रास्ते में खेरेश्वर चौकी के पास दो बाइक सवारों बदमाशों ने उसे तमंचा दिखाकर रोक लिया। छात्र का आरोप है कि तमंचे के बल पर वह 20 हजार रुपये की कीमत का मोबाइल लूटकर भाग गए।
इस घटना की शिकायत करने चौकी पर पहुंचा तो वहां ताला लगा था। पास ही खड़ी पीआरपी वैन के पुलिसकर्मियों को इस घटना की जानकारी दी। उन्होेंने बदमाशों की तलाश की मगर वह हाथ नहीं लग सके। थाना लोधा के इंस्पेक्टर के अनुसार छात्र के पिता ने तहरीर दे दी है। बदमाशों को पकड़ने की छानबीन की जा रही है।