कस्टम कमिश्नर के ड्राइवर के घर चोरी
-पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज, नहीं मिला सुराग
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। धनास स्थित ईडब्ल्यूएस कालोनी में चोरों ने कस्टम विभाग के कमिश्नर के ड्राइवर के घर से दिनदहाड़े आलमारी से ज्वेलरी और 15 हजार की नकदी चोरी कर ली। वारदात के समय पीड़ित घर के दरवाजे को कुंडी लगाकर दूसरे के घर में किसी काम से गया था। सारंगपुर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता राहुल कुमार (23) ने बताया कि वह चंडीगढ़ एयरपोर्ट स्थित कस्टम विभाग के कमिश्नर की गाड़ी का चालक है। वह धनास स्थित ईडब्ल्यूएस कालोनी के मकान नंबर 304 में परिवार के साथ रहता है। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजकर 30 मिनट पर घर के दरवाजे में कुंडी लगाकर पास के मकान नंबर 288 में किसी काम से चला गया, लेकिन करीब 10-15 मिनट बाद जब वह वापस लौटा तो दरवाजा खुला था और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। उसने पत्नी को फोन कर फौरन घर बुलाया। वह मोहाली में काम पर गई थी। चेक करने पर 11 तोले चांदी की तगड़ी, सोने की अंगूठी, कुछ अन्य गहने और 15 हजार नगदी चोरी हो चुकी थी। पुलिस ने वारदात के बाद आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। हालांकि, अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।