क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
होली मनाने के लिए हर कोई अपने घर लौट रहा है, जिसके चलते ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ हो गई है। सोमवार रात उंचाहार एक्सप्रेस के आरक्षित कोच में सीट को लेकर एक यात्री ने कुछ लोगाें से गालीगलौज करते हुए हाथापाई कर दी। आरोपी ने कोच कंडेक्टर से अभद्रता भी की। जीआरपी ने आरोपी को दबोच कर शांति भंग में कार्रवाई की।
जीआरपी के अनुसार दिल्ली से ऊंचाहार जा रही उंचाहार एक्सप्रेस के स्लीपर कोच संख्या चार की सीट नबंर 24 आरक्षित थी। इस सीट पर औरैया का व्यक्ति आकर बैठ गया।
आरक्षित सीट वाले व्यक्ति ने उससे उठने के लिए कहा तभी विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि अनधिकृत यात्री ने हाथापाई तक कर दी। इस बीच मौके पर पहुंचे कोच कंडेक्टर ने मामला निपटाना चाहा तो उससे भी मारपीट हुई।
कोच कंडेक्टर ने रेलवे कंट्रोल के माध्यम से जीआरपी को सूचना दी। जैसे ही ट्रेन स्थानीय रेलवे स्टेशन पर पहुंची तभी पुलिस ने आरोपी कपिल निवासी दिवियापुर औरैया के खिलाफ कार्रवाई की।