क्राइम डेस्क, अमर उजाला अलीगढ़।
महानगर के आगरा रोड स्थित मानिक चौक पर बुधवार देर रात दीपावली पूजन के बाद छेड़खानी को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए और यहां जमकर पथराव हुआ। इस दौरान एक पक्ष की ओर से हवाई फायरिंग भी की गई। इससे वहां अफरा-तफरी व तनाव की स्थिति बन गई। शुरुआती दौर में कम संख्या में पहुंची पुलिस जब स्थिति को नियंत्रित नहीं कर पाई तो एसएसपी, एसपी सिटी सहित शहर भर का पुलिस अमला मौके पर पहुंच गया। तब जाकर हालात काबू हुए। इसके बाद पुलिस ने करीब एक घंटे तक गलियों में सर्च ऑपरेशन चलाया। मगर किसी पक्ष से कोई सामने नहीं आया। केवल एक जख्मी युवक हिरासत में लिया गया है। वहीं दूसरे दिन तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर पुलिस के पास नहीं पहुंची है। पुलिस अपनी ओर से लोगों को चिह्नित करने में लगी है।
घटनाक्रम के अनुसार मानिक चौकी इलाके में रहने वाली महिला दीपावली पूजन के बाद अपनी 16 वर्षीय बेटी संग स्कूटी पर मंदिर दर्शन करने गई थीं। वहां से रात करीब 11:30 बजे लौटते समय वह आगरा रोड की वाल्मीकि बस्ती शिशियापाड़ा से होकर निकल रही थीं, तभी वहां पुराने चंद्रा टॉकीज के सामने नशे में धुत कुछ युवक बाइकों के साथ खड़े थे। महिला का आरोप है कि इनमें से एक युवक ने बेटी पर कमेंट करते हुए उनका दुपट्टा खींच लिया। जिससे वह गिरने से बच गईं और उनके गले की जंजीर गिर गई। उनकी बेटी संग छेड़खानी की गई। इस सूचना पर उनके परिजन घर से आ गए। यहां विवाद के चलते दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। हंगामा व शोरशराबा होने पर दोनों ओर से भीड़ आमने-सामने आ गई। एक तरफ से वाल्मीकि बस्ती के लोग व दूसरी ओर से मानिक चौक के लोग थे।
यहां करीब एक घंटे तक दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। एक पक्ष की ओर से हवाई फायरिंग भी की गई। दुकानों को भी निशाना बनाकर तोड़फोड़ की गई। कुछ दुकानों में आग लगाने तक की कोशिश की गई, मगर हमलावर इस साजिश में नाकाम रहे। शुरुआती सूचना पर लैपर्ड के अलावा थाना गांधीपार्क की पुलिस भी पहुंची। मगर पुलिस कम होने के कारण दोनों ओर से हमलावर काबू नहीं हुए। बाद में सूचना पर एसएसपी अजय कुमार साहनी, एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव, एसपी देहात मणीलाल पाटीदार, एसपी क्राइम आशुतोष द्विवेदी, एसपी यातायात अजीजुल हक, सीओ प्रथम विशाल पांडेय, सीओ द्वितीय पंकज श्रीवास्तव, सीओ तृतीय संजीव दीक्षित के अलावा गांधीपार्क, कोतवाली, देहली गेट, क्वार्सी, सिविल लाइंस, बन्नादेवी थानों का फोर्स भी पहुंच गया। काफी संख्या में पुलिस बल के पहुंचने पर हमलावर तितर-बितर हो गए। इसके बाद गलियों में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर हमलावरों को खोजा। मगर कोई नहीं मिला। इस दौरान वाल्मीकि समाज से एक सिर में चोट लगने से जख्मी युवक जरूर सामने आया, जिसे जिला अस्पताल भेजा गया। बाद में एसएसपी के निर्देश पर मौके पर एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इंस्पेक्टर गांधीपार्क वीरेंद्र सिंह इंदौलिया के अनुसार दूसरे दिन यानि गुरुवार शाम तक किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली थी। पुलिस अपनी ओर से लोगों को चिह्नित करने में जुटी थी।
गनीमत कि रात में हुआ झगड़ा
इस दौरान लोग इस बात की चर्चा जरूर कर रहे थे कि झगड़ा अगर दिन में हुआ होता तो यहां ज्यादा बखेड़ा होता। उस समय बाजार भी खुला रहता और भीड़ भी अधिक थी। वह तो रात में सब कुछ हुआ, इसलिए बाजार बंद था और राहगीरों की भीड़ नहीं थी। इसलिए ज्यादा नुकसान नहीं हुआ।
तुर्कमान गेट, बाबरी मंडी के बाद अब मानिक चौक
दीपावली के त्योहार पर पिछले तीन सालों से यह होता आ रहा है कि किसी न किसी वजह से शहर के किसी न किसी इलाके में बवाल हुआ है। दो साल पहले गोवर्धन पूजा की शाम तुर्कमान गेट पर छेड़खानी को लेकर बवाल हुआ था। इसी तरह पिछले वर्ष छेड़खानी ने ही बाबरी मंडी में बवाल कराया था। उन दोनों ठिकानों पर घटना सांप्रदायिक थी। इस बार ऐन दीपावली की रात मानिक चौक में बवाल हुआ, जहां मसला सांप्रदायिक नहीं था, बल्कि दो गुटों का था।
आगरा रोड पर मानिक चौक के पास छेड़खानी को लेकर दो पक्षों में मारपीट के दौरान ईंट पत्थर चले थे। किसी को गंभीर चोट किसी को नहीं आई। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को काबू कर लिया। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अपनी ओर से भी पुलिस आरोपियों को चिह्नित करने की कोशिश कर रही है।
- अजय कुमार साहनी, एसएसपी