क्रिकेटर रिंकू सिंह अपने घर अलीगढ़ आए। वह एसएसपी कलानिधि नैथानी से मिले। एसएसपी ने रिंकू से कहा कि वह अलीगढ़ के रोल मॉडल हैं। युवाओं को नशे और अपराध से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। कप्तान ने उनको हाल के प्रदर्शन के लिए बधाई दी। वहीं, अगले साल शुरू होने वाले आईपीएल में बेजोड़ पारी खेलने के लिए मंगल कामना की।
भारतीय क्रिकेट टीम के सितारे और शहर की शान क्रिकेटर रिंकू सिंह 11 नवंबर शाम एसएसपी कलानिधि नैथानी से मिलने उनके आवास पहुंचे। विश्वकप क्रिकेट के दौरान अचानक रिंकू को देखकर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के चेहरे खिल गए। एसएसपी ने रिंकू से कहा कि वह अलीगढ़ के रोल मॉडल हैं। युवाओं को नशे और अपराध से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।
विज्ञापन
रिंकू सिंह और पुलिस कप्तान ने एक-दूसरे को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। कप्तान ने उनको हाल के प्रदर्शन के लिए बधाई दी। वहीं, अगले साल शुरू होने वाले आईपीएल में बेजोड़ पारी खेलने के लिए मंगल कामना की। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने तस्वीरें खिंचवाईं। रक्षाबंधन से पहले रिंकू अपने घर आए थे।
इसके बाद वह आयरलैंड और चीन में हुए एशियाई खेलों में हिस्सा लेने चले गए थे। जहां उनका प्रदर्शन चर्चा में रहा। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी उन्होंने अच्छी पारी खेली। रिंकू ने क्रिकेट विश्वकप को लेकर कहा कि रोहित शर्मा की अगुआई वाली भारतीय क्रिकेट टीम विश्वकप जीतेगी। भारतीय टीम के खिलाड़ियों का बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा है।