रेलवे जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर शनिवार को एक हैरतअंगेज घटना हुई। जान देने को मालगाड़ी के सामने कूदा प्रेमी युगल बाल-बाल बच गया। 60 से अधिक डिब्बों की मालगाड़ी जहां पटरियों के बीच में लेटे युवक के ऊपर से गुजर गईं। वहीं, ट्रेन के आगे कूदने के दौरान युवती युवक के धक्के से पटरी से दूर जा गिरी। हादसे को देख स्टेशन पर मौजूद यात्रियों की सांसे थम गईं। युवती की चीखें निकल गईं। मालगाड़ी के गुजरने के बाद युवक जब झट से सुरक्षित उठ खड़ा हुआ तो वहां मौजूद लोगों के मुंह से सिर्फ जाको राखे साइयां मार सके न कोय वाक्य निकला।
वाकये के अनुसार घटना करीब 4:30 बजे की है। रेलवे जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर एक प्रेमी युगल खड़ा हुआ था। जैसे ही गाड़ी स्टेशन के पास पहुंची दोनों ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी थी। घटना की जानकारी पाकर जीआरपी थाना पुलिस ने मौके पर दौड़ लगा दी। जोड़े को हिरासत में लेकर उनके परिजनों को संपर्क किया गया। देर शाम जीआरपी थाने पहुंचे परिजनों के बीच देर रात कर समझौते का दौर चलता रहा।
परिजनों के विरोध से मौत की दहलीज तक पहुंची मुहब्बत जीआरपी इंस्पेक्टर विजय कुमार सिंह के अनुसार पूछताछ में युवक ने बताया कि वह हाथरस के साथनी का रहने वाला है। प्रेमिका गाजियाबाद के लाल कुंआ की रहने वाली है। युवक के अनुसार प्रेमिका अलीगढ़ के खैर रोड स्थित इंद्रा नगर इलाके में रहने वाले उसके बहनोई की रिश्तेदार है। दोनों की मुलाकात डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्यार परवान चढ़ा।
परिजनों को संबंधों की जानकारी दी तो उन्होंने शादी कराने से इंकार कर दिया। काफी समझाने के बाद भी परिजन नहीं माने तो उन्होंने एक साथ खुदखुशी करने का फैसला लिया। इंस्पेक्टर के अनुसार दोनों के परिजनों को बुलाया गया है। लड़का-लड़की बालिग हैं। दोनों के परिजनों की बातचीत और लड़का-लड़की कीसहमति के आधार पर मामले का निपटारा किया जाएगा।