पुलिस जांच व पूछताछ में ये भी उजागर हुआ है कि हमलावर पहले से ही आसपास के इलाके में घात लगाए हुए थे। कैफ जब अपने दोस्त के साथ जमालपुर टूटी बाउंड्री पहुंचा तो उन्होंने एकाएक घेरकर हमला कर दिया। सीसीटीवी में दिख रहा है कि झगड़ा 3:30 से 3:45 के बीच करीब दस मिनट के लिए हुआ है। इसमें कैफ भी मारपीट करते दिख रहा है। इसी बीच उसके पेट पर किसी हथियार से चोट लगी है। तीन-चार आरोपियों के चेहरे साफ कैद हुए हैं। पुलिस घटनास्थल से भागने के सभी रास्तों पर सीसीटीवी देख रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। सूचना पर मेडिकल कॉलेज पहुंचे दादा गुलशेर खां व अन्य परिजनों का हाल बेहाल था।
शोएब सहित तीन नामजदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मृत छात्र के पिता मो. नईम ने शोएब उर्फ चाकू, अयान उर्फ प्रिंस, मजहर फराज व उनके चार पांच अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ तहरीर दी है। सीओ तृतीय अभय पांडेय के अनुसार मुकदमा दर्ज कर लिया है। कितने वर्तमान व कितने पूर्व छात्र हैं इसकी जानकारी एएमयू से जुटाई जा रही है। शोएब उर्फ चाकू के आपराधिक प्रवृत्ति के होने की जानकारी मिली है।