मोबाइल फोन में गेम खेलने से रोकने और पढ़ाई लिखाई की ओर ध्यान देने के लिए मां की डांट फटकार से क्षुब्ध 12 वर्षीय बालक ने अपना घर छोड़ दिया। बुलंदशहर के छतारी का बालक ट्रेन से अलीगढ़ जंक्शन आ गया। आरपीएफ ने बालक के परिवार को सूचना देकर थाने बुलाया। बच्चे को समझा-बुझाकर घर भेजा।
आरपीएफ इंस्पेक्टर चमन सिंह तोमर ने बताया कि प्लेटफार्म संख्या दो पर एएसआई प्रेमपाल सिंह व महिला सिपाही प्रिया चेकिंग कर रही थीं। तभी इन दोनों को बच्चा अकेला बैठा दिखाई दिया। संदिग्धता जाहिर होने पर बच्चे को पूछताछ के लिए थाने ले आए। यहां बच्चे ने बताया कि उसने अपना घर छोड़ दिया है। मां द्वारा उसे मोबाइल पर गेम खेलने से रोका जाता है। पढ़ने लिखने के लिए फटकार लगाई जाती है। पूछताछ के बाद बालक से उसके पिता का नंबर लिया गया। परिवार को फोन पर सूचना दी गई। परिवार वाले अलीगढ़ पोस्ट पर आए। इसके बाद बच्चे की काउंसिलिंग करते हुए उसे माता-पिता के सुपुर्द कर घर वापस भेजा गया। ब्यूरो