अयोध्या में श्रीराम मंदिर के दर्शन को जाने वालों के लिए यह खबर है। अयोध्या में ऑनलाइन होटल बुकिंग को लेकर अलीगढ़ में भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष के साथ 17 हजार की जालसाजी हो गई। पूरे मामले की शिकायत उन्होंने मुख्यमंत्री और एसएसपी अयोध्या से की है।
अगर आप रामलला के दर्शन करने अयोध्या जाने की सोच रहे हैं, तो खबर आपके काम की है। होटल बुकिंग के नाम पर भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष के साथ करीब 17 हजार का फ्रॉड हुआ है। पूरे मामले की शिकायत उन्होंने मुख्यमंत्री और एसएसपी अयोध्या से की है।
विज्ञापन
अलीगढ़ शहर के देहली गेट क्षेत्र के गूलर रोड गली नं. 1 निवासी पूर्व महानगर अध्यक्ष भाजपा वीरेंद्र गुप्ता अपने साथियों के साथ 2 अप्रैल को अयोध्या जा रहे हैं। उनके साथ करीब 100 लोगों का एक ग्रुप अयोध्या जा रहा है। जिसमें व्यापारी नेता प्रदीप गंगा सहित अन्य लोग शामिल हैं। वीरेंद्र गुप्ता ने बताया कि दो दिन पहले वह इंटरनेट के माध्यम से अयोध्या में 100 लोगों की बुकिंग के लिए होटल व धर्मशाला देख रहे थे। इस दौरान बिरला धर्मशाला नामक का नंबर मिला।
आरोप है कि फोन मिलाने पर पंकज जैन नाम के एक व्यक्ति से बात हुई। जिसने पूरी बुकिंग के 33 हजार रुपये बताए। साथ ही दस हजार रुपये एडवांस बुकिंग के मांगे। इस पर पीड़ित ने उसे दस हजार रुपये ऑनलाइन माध्यम से ट्रांसफर कर दिए। एक मार्च को आरोपी पंकज जैन ने दोबारा कॉल किया और 7 हजार रुपये की और मांग की। इस पर पीड़ित ने दोबारा 7 हजार और ट्रांसफर कर दिए और बुकिंग रसीद की मांग की। इस पर आरोपी ने उन्हें पूरा भुगतान करने को कहा। जिस पर सहमति नहीं बनी।
विज्ञापन
दोपहर में आरोपी का दोबारा फोन आया और 8500 रुपये की मांग की। शक होने पर अयोध्या में अपने संपर्क सूत्रों से पीड़ित ने इस धर्मशाला के बारे में जानकारी की। तो पता चला कि उनके साथ ऑनलाइन फ्रॉड हो गया है। पीड़ित ने शनिवार को पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और एसएसपी अयोध्या से की है।