फिट इंडिया क्विज में विद्यार्थियों को ढाई लाख रुपये जीतने का मौका मिलेगा, जबकि विद्यालय को भी 25 लाख रुपये जीतने को मौका मिलेगा। हर विद्यालय से दो-दो विद्यार्थियों का फिट इंडिया क्विज में पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए।
फिट इंडिया क्विज को लेकर नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज में जिले के सभी क्रीड़ा शिक्षकों (पीटीआई) की बैठक हुई। डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने माध्यमिक विद्यालय में फिट इंडिया स्कूल पंजीकरण/क्विज का व्यापक प्रचार-प्रसार करके विद्यालयों में अध्ययनरत अधिक से अधिक छात्र/छात्राओं को प्रतिभाग कराए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2021 है। पंजीकरण फिट इंडिया की वेबसाइट fitindia.nta.ac.in पर होगा। उन्होंने कहा कि पंजीकरण में पहले आओ, पहले पाओ का सिद्धांत अपनाया गया है, क्योंकि पंजीकरण कराने वाले पहले एक लाख विद्यालयों और दो लाख विद्यार्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके बाद पंजीकरण शुल्क देना होगा।
क्विज के विजेता विद्यालय को 25 लाख व विजेता विद्यार्थी को 2.5 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। डीआईओएस ने कहा कि सभी क्रीड़ा शिक्षकों को अपने-अपने ब्लॉक में स्थित प्रत्येक विद्यालय से कम से कम दो विद्यार्थियों का फिट इंडिया क्विज-2021 के लिए पंजीकरण कराना अनिवार्य है। बैठक में अनुपस्थित क्रीड़ा शिक्षक (पीटीआई) से डीआईओएस ने स्पष्टीकरण मांगा है। संतोषजनक स्पष्टीकरण न होने पर वेतन काटा जाएगा।