थाना सिविल लाइन में शिकायत करने पहुंचे नगर सफाई मजदूर संघ के पदाधिकारी
- फोटो : संवाद
अलीगढ़ नगर निगम द्वारा सफाई के लिए तय की गई सुखमा कंपनी व सफाई कर्मचारियों के बीच रार थम नहीं रही है। अब सुखमा कंपनी के स्थानीय प्रबंधक पर एक सफाई सुपरवाइजर को धमकाने व जाति सूचक शब्द कहने का मुकदमा दर्ज हुआ है, जिसमें सफाई कर्मचारी यूनियन नेताओं को भी देख लेने की धमकी देने का आरोप है। मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं सफाई मजदूर संघ ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 72 घंटे का समय दिया है।
यह मुकदमा वार्ड 25 जोन 4 क्वार्सी के कार्यवाहक सफाई सुपरवाइजर सुशील कुमार वाल्मीकि ओर से कराया गया है। जिसमें सुखमा कंपनी के स्थानीय प्रबंधक सचिन वत्स को नामजद करते हुए कहा है कि 22 तारीख को सुशील अपने घर पर शाम को खाना खा रहा था। तभी सचिन ने उसके मोबाइल पर कॉल कर अभद्रता करते हुए धमकाना शुरू कर दिया। कहा कि अगर अब तूने या तेरे कर्मचारी यूनियन के नेताओं ने कंपनी के काम में टांग अड़ाई तो परिणाम अच्छे नहीं होंगे। जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान माल की धमकी दी।
इस मामले में 24 अप्रैल् को नगर सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष प्रदीप भंडारी, महामंत्री सुनील टुंडा आदि तमाम लोग सुशील को लेकर सिविल लाइंस थाने पहुंचे। जहां मामले में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। इसे लेकर अध्यक्ष प्रदीप भंडारी ने चेतावनी दी कि अगर 72 घंटे में आरोपी जेल नहीं भेजा गया तो आंदोलन होगा। इस मामले में जल्द संघ की सार्वजनिक बैठक बुलाकर रणनीति बनाकर आंदोलन किया जाएगा। सीओ तृतीय अभय पांडेय के अनुसार मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बाकी कार्रवाई भी की जाएगी।