शाम आठ बजे पुत्र भट्ठे पर पिता को खाना देने गया। तीन घंटे बाद रात 11 बजे भट्ठे के मुनीम ने सूचना दी कि गिरप्रसाद ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली है। पुत्र ने ईंट भट्ठा मालिक पर हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया है।
ईंट भट्ठा चौकीदार का शव सोलर के खंभे पर रस्सी से लटका मिला। मृतक के पुत्र ने भट्ठा मालिक पर हत्या कर फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
विज्ञापन
प्राप्त जानकारी के अनुसार गंगीरी के गांव दभौरा स्थित बीडीके ईंट भट्ठा पर चौकीदार का शव सोलर के खंभे से लटका हुआ मिला। थाना अकराबाद के गांव बहादुरपुर निवासी धर्मवीर सिंह ने बताया कि 48 वर्षीय पिता गिरप्रसाद पुत्र कुवरपाल सिंह करीब 15 साल से बीडीके ईंट भटठा पर साढ़े नौ हजार रुपये महीने पर चौकीदारी कर रहे थे।
विज्ञापन
आरोप है कि ईंट भट्ठा मालिक ने गिरप्रसाद की कई महीनों की तनख्वाह करीब 47500 रूपये नहीं दी। जब वह तनख्वाह मांगते तो भट्ठा मालिक कहता कि तू रात में ईंट चोरी कर बेचता है। दो दिन पहले तनख्वाह मांगी तो भट्ठा मालिक ने जान से मारने की धमकी दी। 9 अप्रैल की शाम आठ बजे जब भट्ठे पर पिता को खाना देने गया, तब उन्होंने यह बताया था। तीन घंटे बाद रात 11 बजे भट्ठे के मुनीम ने सूचना दी कि गिरप्रसाद ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली है।
परिवार वाले मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गिरप्रसाद के शव को कब्जे में ले लिया। परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया औरा शव को नहीं उठने दिया। पुलिस के काफी समझाने पर शव को उठने दिया। मृतक गिरप्रसाद के बेटे धर्मवीर ने भट्ठा मालिक और उसके पुत्रों के खिलाफ तनख्वाह मांगने पर फांसी लगा कर हत्या करने की तहरीर दी है। एसओ सुमित गोस्वामी ने बताया गिरप्रसाद ने फांसी लगा कर आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या दिखला रही है।
9 अप्रैल को बीडीके ईंट भट्ठे पर एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने की सूचना पर पुलिस एवं फील्ड यूनिट टीम द्वारा मौका मुआयना कर साक्ष्य एकत्रित किये गये, शव को पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भेजा गया, सभी पहलुओं पर जांच करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है । मौके पर शांति है ।-धनंजय सिंह, सीओ, छर्रा
8 अप्रैल से मैं झांसी में हूं। चौकीदार कई बार नौकरी छोड़कर चले गए थे। इन्हें रखवाने लिए लोग आए तो इन्हें साढ़े नौ हजार में रख लिया गया। हमारे यहां पैसों का साल भर में हिसाब होता है। हत्या के आरोप निराधार हैं।- विनीत गर्ग, स्वामी, बीडीके ईंट भट्ठा