कोरोना वायरस से भाजपा नेता की 61 वर्षीय पत्नी की मौत हो गई है। 15 नए लोग संक्रमित पाए गए हैं। खिरनीगेट पुलिस चौकी, आगरा रोड निवासी भाजपा नेता की 61 वर्षीय पत्नी की मौत शुक्रवार शाम को दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में हो गई।
आज उनका अंतिम संस्कार नुमाइश मैदान स्थित मुक्ति धाम में किया गया। जेएन मेडिकल कॉलेज, पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय, प्राइवेट लैब एवं एंटीजन टेस्ट में 15 लोग संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमितों में तीन गुरु रामदास नगर कॉलोनी और चार बरौला जाफराबाद के हैं। मरीजों को लक्षण के आधार पर कोविड-19 अस्पताल में भर्ती एवं होम आइसोलेट किया जा रहा है। परिजन एवं संपर्क में आए लोगों का नमूना लेकर जांच किया जाएगा। वर्तमान समय में जनपद में 141 सक्रिय मरीज है।
11214 अब तक संक्रमित एवं 11017 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 4.21 लाख लोगों की अब तक जांच हो चुकी है। वहीं, सीएमओ डॉ. बीपी सिंह कल्याणी ने बताया कि कोरोना के नए स्ट्रेन का पता लगाने के लिए विदेश से आए दो लोगों का नमूना शनिवार को दिल्ली भेजा जाएगा।
टीकाकरण को लेकर वीडियो कांफ्रेंसिंग आज
टीकाकरण को लेकर आज वीडियो कांफ्रेंसिंग हैं। सीएमओ डॉ. बीपी सिंह कल्याणी ने बताया कि टीकाकरण के रिहर्सल आदि के बारे में वीसी में जानकारी दिए जाने की उम्मीद है। अभी स्पष्ट नहीं है कि अलीगढ़ में टीकाकरण का रिहर्सल होगा या नहीं। उल्लेखनीय है कि सबसे पहले स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगना है। सूची तैयार कर शासन के पास भेज दी गई है।