गगन स्कूल के पास घटनास्थल पर छात्र से पूछताछ करते सीओ गभाना विकास सिकरवार।
थाना क्षेत्र के गगन स्कूल के पास बुधवार दोपहर एक डी फार्मा के छात्र को बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी। सूचना पर बन्नादेवी, रोरावर व लोधा थाने की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई। गोली छात्र के दाएं हाथ में लगी थी। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
गोंडा थाना क्षेत्र के मजूपुर हाल निवासी कृष्ण विहार कॉलोनी थाना देहलीगेट अलीगढ़ निवासी विकास तिवारी पुत्र कृष्ण तिवारी का मलिक चौक के पास जय श्री कृष्ण नाम से मेडिकल स्टोर है। विकास ने बताया कि मेडिकल स्टोर पर ही उसे दोस्तों का फोन आया। उन्होंने उसे गगन स्कूल के पास बात करने के लिए बुलाया था। विकास मेडिकल स्टोर बंद कर वहां पहुंच गया। वहीं पर एक खाली प्लॉट में सिगरेट पीने लगा। तभी अपाचे व पल्सर बाइक पर सवार चार लोग भोला डेरी के पीछे वाले रास्ते से आए। उन्होंने विकास के साथ मारपीट शुरू कर दी। विकास ने कहा कि जब तक वह कुछ समझ पाता एक बाइक सवार ने उसे गोली मार दी। उसके बाद सभी फरार हो गए। गोली दाएं हाथ लगी। जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। घटना की सूचना पर बन्नादेवी, रोरावर व लोधा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। सीओ गभाना विकास शिकरवार ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। घायल का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
शंका होने पर पिता ने शुरू कर दी थी तलाश
घायल के पिता कृष्ण तिवारी ने बताया कि वह चारा लेने के लिए बाजार आए थे। मेडिकल स्टोर बंद देख उन्हें शंका हुई तो विकास को खोजना शुरू कर दिया। बड़े बेेटे हरिओम को भी उसकी तलाश में भेज दिया। विकास गगन स्कूल के पास घायल अवस्था में पड़ा मिला था। उसने बताया कि बाइक सवार गोली मारकर फरार हो गए हैं। उसके बाद पुलिस को सूचना दी।