मथुरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के सामने बृहस्पतिवार को ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रोड पर जाम लगा दिया। मौके पहुंचे सीओ एवं तहसीलदार ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। उसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव कांड़ली निवासी शांत कुमार (24) पुत्र रमेश चंद्र घर से बाइक पर सवार होकर किसी काम से इगलास में जा रहा था। मथुरा रोड पर स्थित एसआर पेट्रोल पास ट्रैक्टर चालक ने बाइक सवार शांत कुमार को टक्कर मार दी। हादसे में शांत कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। खबर पर पहुंचे परिजनों ने शव को रोड पर रख जाम लगा दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक (अपराध) राजेश कुमार पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे गए। ग्रामीण शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से पहले मुआवजे की मांग करने लगे। इसी दौरान सीओ अशोक कुमार व तहसीलदार सौरभ यादव भी आ गए। उन्होंने मृतक के परिजनों को समझाबुझाकर जाम खुलवाया। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया है।