ट्रैक चेक करते रेलवे महाप्रबंधक प्रमोद कुमार, डीआरएम मोहित चंद्रा।
- फोटो : CITY OFFICE
उत्तर- मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (एनसीआर) प्रमोद कुमार रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाएं नहीं मिलने पर नाराज हो गए। उन्होंने करीब पौने दो घंटे तक बारीकी से स्टेशन का निरीक्षण किया, इस दौरान प्रतीक्षालय में फर्श टूटा मिला। गर्मी के मौसम में प्लेटफार्म पर पंखे तक नहीं थे, जहां पर पंखे थे, वह धीमी गति से चल रहे थे। लाइट कम थी, आफिस के पर्दे भी गंदे मिले। करीब 10 हजार यात्रियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले प्लेटफार्म नंबर सात का बुरा हाल था। वहां पर गंदगी पड़ी हुई थी, निर्माण के लिए इस्तेमाल होने वाला मैटेरियल बिखरा पड़ा था। लिफ्ट और एस्केलेटर बंद होने की भी जानकारी यात्रियों की ओर से दी गई। इन सभी व्यवस्थाओं को गंभीरता से लिया और दुरस्त करने के आदेश स्टेशन अधीक्षक को दिए।
महाप्रबंधक एनसीआर प्रमोद कुमार कुमार शुक्रवार को अलीगढ़ रेलवे स्टेशन का वार्षिक निरीक्षण करने आए थे। इस दौरान स्थानीय अधिकारियों ने कमियों को छिपाने का पूरा प्रयास किया लेकिन जीएम की पारखी नजर और यात्रियों की शिकायतों ने खामियां उजागर कर दीं। यात्री पंकज तिवारी और वीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि गर्मी अधिक है। दूसरे स्टेशनों पर प्रतीक्षालय में एसी की सुविधा रहती है लेकिन यहां पंखे भी ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। जीएम ने कंट्रोलिंग रूम के निरीक्षण में स्टेशन मास्टर पूजा पासी से रेल संचालन के साथ ही सुरक्षा व संरक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
उन्होंने पैदल पुल के निर्माण में हो रही देरी पर भी नाराजगी व्यक्त की। टिकट घर और प्रतीक्षालय में बैठने के लिए पर्याप्त बैंच तथा पंखे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने हरदुआगंज स्टेशन का भी निरीक्षण भी किया। इस मौके पर डीआरएम मोहित चंद्रा, आरपीएफ कमांडेंट मनोज कुमार, स्टेशन अधीक्षक डीके गौतम, सीएमआई संजय शुक्ला आदि समेत रेलवे के अफसर मौजूद रहे।
जीएम को समस्याओं के समाधान के लिए सौंपा ज्ञापन
भाजपा के प्रदेश कार्य समिति सदस्य सुनील पांडेय ने जीएम को गाजियाबाद से अलीगढ़ तक तीसरी लाइन जोड़ने तथा नए भवन के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। सांसद सतीश गौतम के प्रतिनिधि संजय पंडित ने स्टेशन पर लगेज स्केनर, प्लेटफार्म संख्या दो व तीन के बीच रेलिंग लगवाने का अनुरोध किया। ऑल इंडिया रेलवे लाल वर्दी कुली यूनियन के महेश चंद्र, सुभाष चंद्र, सुशील कुमार, दिलीप कुमार, सतीश कुमार आदि ने जीएम रेलवे को ज्ञापन सौंपा। जिसमें वर्ष 2018 से अब तक वर्दी न मिलने तथा अन्य मांगों को पूरा कराने का अनुरोध किया।