चंडौस कोतवाली में तैनात एक दरोगा के रिश्वत लेने का ऑडियो वायरल हुआ है। ऑडियो में दरोगा के 21 हजार रुपये की रिश्वत लेने की स्वीकारोक्ति की बात कही जा रही है। मामला खैर विधायक अनूप प्रधान के एसएसपी तक पहुंचा। एसएसपी ने आरोपी दरोगा को लाइन हाजिर करते हुए जांच एसपी देहात को दी है।
मामला चंडौस कोतवाली के गांव रामपुर शाहपुर में दो माह पहले पतंग उड़ाने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट से जुड़ा है। एक पक्ष की महिला ने दूसरे पक्ष के छह लोगों पर घर में घुसकर मारपीट व गाली-गलौज करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी मामले में आरोपी पक्ष को राहत देने के बदले कोतवाली में तैनात दरोगा संदीप राणा के आरोपी पक्ष से 21 हजार रुपये लेने की बात ऑडियो में कहने की बात कही जा रही है। इसमें एक आरोपी के हिस्से के रुपये वापस करने की बात भी ऑडियो में सुनाई दे रही है।
शनिवार को दरोगा व अन्य की बातचीत का यह ऑडियो तेजी से वायरल हुआ। मामले की लिखित शिकायत खैर विधायक अनूप प्रधान तक पहुंची। आरोप लगा कि दरोगा ने दबाव बनाकर तीन बार में 31 रुपये की रिश्वत ली है। पूरी जानकारी भाजपा के चंडौस मंडल अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने खैर विधायक अनूप प्रधान व उच्चाधिकारियों को दी।
चंडौस कोतवाली के एक दरोगा के रिश्वत लेने का ऑडियो मेरे पास आया है। दरोगा पर सख्त कार्रवाई के लिए एसएसपी से कहा गया है। योगी सरकार में भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। -अनूप प्रधान, विधायक, खैर।
सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल ऑडियो में थाना चंडौस में तैनात एसआई संदीप राणा के द्वारा पैसों के लेन-देन की बात सामने आई है। इस आधार पर दरोगा की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए लाइन हाजिर कर दिया गया है। ऑडियो की सच्चाई की जांच एसपी देहात को सौंपी गई है। इस जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे निर्णय लिया जाएगा।
-कलानिधि नैथानी, एसएसपी।