प्रदर्शन करते अनूपशहर रोड स्थित जवां बंधा से उड़ रही राख के गुबार से परेशान गांव के लोग।
- फोटो : CITY OFFICE
हरदुआगंज तापीय विद्युत परियोजना स्थित जवां बंधे से उड़ रही राख के गुबार से परेशान सैकड़ों ग्रामीणों ने शनिवार को जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के युवा जिलाध्यक्ष तरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में बंधे पर धरना प्रदर्शन किया। यहां ग्रामीणों ने कहा कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। सूचना पर पहुंचे जवां थानाध्यक्ष चंचल सिरोही ने ज्ञापन लेने से इंकार कर दिया। यहां ग्रामीणों ने परियोजना प्रशासन को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए नारेबाजी की।
जिलाध्यक्ष तरुण प्रताप सिंह ने कहा कि जवां बंधे से राख का गुबार उठता है और कई किलोमीटर तक गांवों को अपनी चपेट में ले लेता है। इससे ग्रामीणों में आंख और श्वांस संबंधी बीमारियां पनप रही हैं। बाद में महाप्रबंधक ने सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर और अधिशासी अभियंता को मौके पर भेजा। यहां जिलाध्यक्ष तरुण प्रताप सिंह ने लोगों के साथ ज्ञापन सौंपा।
जिसके माध्यम से छह सूत्री मांग रखी गई। यहां ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा। इसकी जिम्मेदारी परियोजना प्रशासन और जिला प्रशासन की होगी। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष सचिन पंडित, विशेष पंडित, शनि कुमार, यश कुमार, बाबू सिंह, अजय कुमार, कपिल पारस, जय प्रकाश, विशाल राघव, सुमित कुमार, ऋषि कुमार, शिव सिंह, रविशंकर, अशोक, अनवर, शरद राघव आदि मौजूद रहे।