दो महीने से ग्रामीण क्षेत्र में हो रही अघोषित बिजली कटौती से शुक्रवार रात लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बौनेर क्षेत्र के दर्जन भर गांवों के लोगों ने पहले 332 केवीए पारेषण केंद्र, बौनेर पर हंगामा किया। यहां पर कोई आश्वासन नहीं मिलने पर तकरीबन साढ़े नौ बजे जीटी रोड पर जाम लगा दिया। डेढ़ घंटे तक जाम लगने से राहगीर परेशान हो गए। सूचना पर पहुंची पीआरवी ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत किया और जाम खुलवाया।
शुक्रवार रात करीब नौ बजे बौनेर बिजलीघर पर ग्रामीण पहुंच गए। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली कटौती का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया, लेकिन यहां पर कोई आश्वासन नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने जीटी रोड पर जाम लगा दिया और वाहनों का आवागमन रोक दिया। डेढ़ घंटे तक हाजीपुर, बौनेर, बलीपुर, चिरोलिया, ईश्वरपुर, कमालपुर, पिलखना, अकराबाद, कौड़ियागंज समेत दर्जनों गांवों के ग्रामीणों ने हंगामा किया। इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि 24 घंटे में एक-दो घंटे ही बिजली आपूर्ति मिल रही है। फसल में पानी नहीं लगा पा रहे हैं। दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जीटी रोड पर जाम के दौरान ग्रामीणों की वाहन चालकों से नोकझोंक भी हुई। देखते ही देखते दो किलोमीटर तक वाहनों की लाइन लग गई। सूचना पर पहुंची पीआरवी ने लोगों को समझाया और बिजली आपूर्ति का समय बढ़वाने का आश्वासन दिया, तब जाकर मामला शांत हुआ और ग्रामीण अपने घरों की तरफ लौटे।
दैनिक दिनचर्या हो रही प्रभावित
- काफी दिनों से 24 घंटे में सिर्फ दो घंटे ही बिजली मिल रही है। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शिकायत के बावजूद समाधान नहीं किया गया। - इमरान, पिलखना।
- बोनेर क्षेत्र के अधिकांश गांवों में बिजली आपूर्ति ठप सी हो गई है। कृषि व दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो गई है। सुनवाई नहीं हुई तो फिर आंदोलन करेंगे। - अतुल कुमार, हाजीपुर।
- गर्मी में बिजली न मिलने से ग्रामीण बेहाल हो गए हैं। शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं हो पाया। इसीलिए जाम लगाने जैसा निर्णय भीड़ ने लिया। - विनोद कुमार, हाजीपुर।
बौनेर बिजली घर के पास लगा जाम।- फोटो : CITY OFFICE