अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के परिसर में हो रही फायरिंग आदि घटनाओं के बाद कुलपति ने परिसर में चौकसी और सुरक्षा सख्त करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद विश्वविद्यालय में गश्त बढ़ा दी गई है।
एएमयू जनसंपर्क विभाग के एमआईसी प्रोफेसर शाफे किदवई ने बताया कि इस संबंध में विश्वविद्यालय के उच्च अधिकारियों की एक बैठक हुई। बैठक में परिसर की सुरक्षा को लेकर विचार विमर्श किया गया। बाहरी लोगों और असामाजिक तत्वों की रोकथाम के उपायों पर चर्चा की गई। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि पिछले दिनों हुई फायरिंग आदि की कुछ घटनाओं में विश्वविद्यालय का कोई भी छात्र शामिल नहीं है।
यह सब बाहरी और असामाजिक तत्व हैं। विश्वविद्यालय इनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई के लिए पैरवी करेगा। विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश के लिए इस समय सभी गेटों पर पहचान पत्र के माध्यम से प्रवेश की व्यवस्था है। इसके अलावा छात्रावास में भी प्रवेश के लिए सबसे पहले अब रजिस्टर में नाम और पता दर्ज कराना पड़ रहा है। हालांकि व्यवस्था को लेकर गेट पर कुछ नोकझोंक की स्थिति हो रही है, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन इसके पीछे सुरक्षा कारणों का हवाला दे रहा है।