न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
कोरोना से बचाव के लिए टीके लगवाना इसलिए भी जरूरी है कि इस महामारी ने हमारे अलीगढ़ को बहुत नुकसान पहुंचाया है। सरकारी रिकार्ड में अभी तक इस बीमारी से 56 मौतें दर्ज है। 11281 लोग संक्रमित हुए हैं।
उद्योग व्यापार संगठन के मंडल महासचिव अनुराग गुप्ता कहते हैं कि जीवन में ऐसी त्रासदी कभी नहीं देखी। अलीगढ़ में किसी एक वजह से इतनी मौत कभी नहीं हुई। 11 हजार से अधिक लोग इसकी चपेट में आए। कई व्यापारी दुनिया छोड़कर चले गए। कुछ परिवार तो ऐसे हैं कि जहां तीन और दो-दो मौतें हुईं।
ऐसे परिवार की दुकानें आज तक नहीं खुली हैं। व्यापार मंडल के मंडल अध्यक्ष एवं दवा कारोबारी उमेश श्रीवास्तव कहते हैं कि इस महामारी पर नियंत्रण का एक मात्र उपाय टीका है। खुशी की बात है कि देश के वैज्ञानिकों ने कम समय में तपस्या करके टीका बनाने में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि हमलोग इंतजार कर रहे हैं कि जल्द से जल्द टीका देश के आम आदमी को लग जाए, ताकि सभी लोग इस बीमारी से सुरक्षित हो जाए। यह टीका कोरोना महामारी के खतरे को खत्म करने का पैगाम लेकर आया है। इसकी वजह से जनजीवन ठहर गया है।
उपहार देकर टीका लगाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान
अलीगढ़। उद्योग व्यापार संगठन द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय केंद्र पर टीका लगवाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। जेडी हेल्थ डॉ. वीके सिंह, सीएमओ डॉ. बीपी सिंह कल्याणी एवं सीएमएस डॉ. एबी सिंह आदि के हाथों स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित किया गया। संगठन के मंडल अध्यक्ष उमेश श्रीवास्तव एवं महासचिव अनुराग गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मी सच्चे कोरोना योद्धा है। इनके योगदान को लोग सदियों तक याद रखेंगे। सत्येंद्र सारस्वत, राजीव अग्रवाल, मिलंद वार्ष्णेय आदि मौजूद थे।
अनुपस्थित लोगों की बनेगी सूची
जो लोग कोरोना टीका लगाने नहीं पहुंचे, उनकी सूची फिर से तैयार होगी। सीएमओ डॉ. बीपी सिंह कल्याणी ने बताया कि इन लोगों को टीकाकरण के लिए अलग से समय दिया जाएगा। सीएमओ ने बताया कि आज टीका लगवाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को 15 फरवरी को दूसरा डोज लगाया जाएगा।