नगला मसानी से कुंजलपुर में सड़क निर्माण स्थानीय लोगों के विरोध के कारण रोकना पड़ गया है। स्थानीय निवासी पूरी सड़क बनाने की मांग कर रहे हैं। नगला मसानी से कुंजलपुर रोड पर जलभराव होता है। जलभराव वाले स्थल पर नगर निगम करीब 50 लाख रुपये से सड़क निर्माण करा रहा है।
मंगलवार सुबह काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और धरना देकर काम रुकवा दिया। लोग पूरी सड़क बनाने की मांग कर रहे थे। देवेंद्र कुमार यादव का कहना है कि सड़क कुछ दूरी तक ही बन रही है। आगे भी जलभराव होता है। पूरी सड़क नहीं बनने पर बाद में परेशानी पैदा होगी।
जलभराव में अक्सर लोग गिरकर चोटिल होते हैं। बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है। नगर निगम के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार भाटी का कहना है कि छह मीटर का सड़क बन रहा है। साइड में कुछ जगह इसलिए छोड़ दिया गया है कि सीवर लाइन एवं वाटर लाइन बननी है।
सड़क बनने के बाद फिर तोड़ने से पैसे की बर्बादी होगी। सीवर एवं वाटर लाइन बनने के बाद पूरी सड़क बनवा देंगे। उन्होंने कहा कि बजट के हिसाब से काम हो रहा है। इसलिए पूरी सड़क नहीं बन रही है।