अलीगढ़ के गभाना का परिवार सात माह की बच्ची की मौत के दुख से उबर भी नहीं पाया था कि दूसरी बुरी खबर ने उन्हें झकझोर कर रख दिया। सात माह की बेटी का शव लेकर अपने गांव लौट रहे दंपती की बाइक हाईवे पर गभाना क्षेत्र के पला सल्लू के पास डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में युवती की मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसा मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे का है। पहले बच्ची और फिर मां की मौत की सूचना के बाद परिवार वालों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।
रोते बिलखते हुए परिवार के लोग अलीगढ़ स्थित शव गृह और गभाना के अस्पताल में भर्ती युवक के पास दौड़ पड़े। जानकारी के अनुसार अकराबाद थाने के गांव जुझारपुर निवासी सत्यवीर सिंह गाजियाबाद के विजयनगर में किराए पर रहकर किसी कंपनी में काम करते हैं।
तीन दिन पहले सत्यवीर सिंह की सात महीने की बच्ची गुंजन को बुखार आया था। बुखार के चलते सोमवार की रात उसकी मौत हो गई। बेटी के शव को गांव में दफन करने के लिए बाइक पर बेटी का शव लेकर पत्नी के साथ गांव जा रहे थे। हाईवे पर पला सल्लू में उनकी बाइक के सामने अचानक से एक कुत्ता आ गया।
कुत्ते से बचने की कोशिश में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में पीछे बैठी सत्यवीर की पत्नी प्रीती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सत्यवीर घायल हो गए।
हादसा होते ही ग्रामीण दौड़कर पहुंचे और पुलिस की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया। युवती के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव जुझारपुर स्थित सत्यवीर के परिवार में हाहाकार मच गया है।