जहरीली शराब कांड में न्यायालय में ट्रायल की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में एडीजे विशेष न्यायाधीश के न्यायालय में सोमवार को मडराक में गिरफ्तार ऋषि व अनिल के करीबी शराब तस्कर फरीदाबाद के मदन गोपाल उर्फ कालिया के खिलाफ आरोप तय हो गया।
बता दें कि मदनगोपाल गुरुग्राम में अवैध फैक्टरी चलाता था। वहां से माल लाकर यहां बेचता था और मडराक में भंडारण करता था। एडीजीसी चौ. जितेंद्र सिंह के अनुसार, मडराक से संबंधित मुकदमे में मदनगोपाल के खिलाफ आरोप तय होने की प्रक्रिया पूरी हो गई है और अब इस मामले में गवाही के लिए पहली तारीख एक अक्तूबर नियत की गई है। इसके अलावा, क्वार्सी के चंदनिया में हुईं मौत से जुड़े मुकदमे में भी सोमवार को इसी अदालत में आरोप तय होने की प्रक्रिया थी। आरोपी भाजपा नेता रविंद्र पाठक उर्फ रिंकू, लक्ष्मी देवी, मुकेश, राम निवास, शरद, पवन, विकास उर्फ विक्की, मुकेश डांसर, मनोज मन्नू आदि आरोपी तलब थे। उनके अधिवक्ता द्वारा आरोप तय की प्रक्रिया पर बहस के लिए समय मांगे जाने के कारण मामले में अब सुनवाई के लिए 28 सितंबर तारीख तय कर दी गई है। अब उस दिन बचाव पक्ष की बहस के बाद आरोप तय करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
े