मुफ्त राशन में मिल रहे गेहूं में कंकड़, मिट्टी और पत्थर मिल कर आ रहा है। जिससे लोग इसको खाने से परहेज कर रहे हैं। इसकी शिकायत हो रही है। धनीपुर के गांव नगला पानखानी के लोगों ने इसकी शिकायत की है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरियाणा प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल ने कहा है कि सरकारी राशन की दुकानों से जो गेहूं, चावल नागरिकों को दिया जा रहा है।
उसमें मिट्टी, कंकड़ मिले हुए हैं। जिससे वो अनाज खाने योग्य नहीं है। विकास खंड धनीपुर के ग्राम नगला पानखानी के माजरा चिरौलिया के नागरिकों ने इसकी शिकायत की है। बंसल से शिकायत होने के बाद कांग्रेसियों का एक प्रतिनिधिमंडल ग्राम चिरौलिया पहुंचा और गेहूं को देखा। उसका एक नमूना लिया।
विवेक बंसल के प्रतिनिधि ब्रजेश शर्मा ने जिलापूर्ति अधिकारी को इसकी जानकारी दी। इस पर जिलापूर्ति अधिकारी ने आश्वस्त किया कि राशन डीलर का पूरा स्टॉक बदलवा दिया जाएगा। इस पर बंसल ने कहा कि सरकार द्वारा गरीबों को मुफ्त राशन देने का यही हाल है। राशन के अनाज में मिट्टी, कंकड़ और पत्थर मिले होते हैं।
इससे सिद्ध हो रहा है कि भाजपा सरकार गरीबों को मुफ़्त राशन बांटने के नाम पर गरीबों की खिल्ली उड़ा रही है। प्रतिनिधिमंडल ने गांव के धर्मेेंद्र कुमार, राम सिंह पंडित, नरेश विजय, राजवीर सिंह, महेश चंद्र, सूरजपाल, रमेशपाल, अशोक, चरण सिंह से बात की और उनकी परेशानी जानी। कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल में महानगर अध्यक्ष सलाउद्दीन वसी, साबिर अहमद, प्रदीप रावत, वीरेंद्र चौधरी, एसएम शेहरोज़, गौरव गुप्ता, लोकेंद्र शर्मा आदि थे।