सोमवार की सुबह बरौठा गांव स्थित आम के बाग में पेड़ पर प्रेमी युगल के शव लटके मिले। जानकारी पर लोगों की भीड़ मौके पर लग गई। प्रेमी युगल के अलग-अलग समुदायों से होने के कारण पुलिस भी तत्काल हरकत में आ गई। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया गया। हत्या और आत्महत्या की आशंका को देखते हुए डॉक्टरों के पैनल से शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग आया है। दोनों के परिवार वाले फिलहाल कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं हैं।
बरौठा गांव निवासी निजी पशु चिकित्सक रामनिवास उपाध्याय के चार बेटों में दूसरे नंबर का बेटा 28 वर्षीय रवेंद्र उपाध्याय रविवार की रात लापता हो गया था। सोमवार को तड़के पहर भैंस दुहने के लिए उसकी मां जगाने पहुंची तो वह बिस्तर पर नहीं था। उस समय नित्य क्रिया के लिए जाने की बात सोचकर परिवार वालों ने गंभीरता से नहीं लिया। सुबह करीब आठ बजे आम के बाग में रवेंद्र का शव पेड़ से लटके होने की खबर मिलने पर परिवार वाले बदहवास होकर भागे। रस्सी के एक छोर पर रवेंद्र और दूसरे छोर पर 20 वर्षीय शबनम का शव लटक रहा था। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
दो माह में युवती के निकाह की तैयारी में था परिवार
शबनम की मां नसरीन ने बताया कि बीमारी से पति साबिर की दो माह पहले मौत हो चुकी है। एक बेटा और पांच बेटियां हैं। तालानगरी में मजदूरी कर घर का खर्च चला रही हैं। रात करीब सवा दो बजे घर का मुख्य दरवाजा खुला देख उन्हें शबनम के घर से लापता होने की जानकारी मिली। देवर को जगाकर खोजने के लिए सती वाले बाग की ओर भेजा लेकिन अंधेरे के कारण वह लौट आए। सुबह वह काम पर तालानगरी चली गई, जहां फोन पर बेटी की मौत की खबर मिली। बताया कि घर पर रखे जेवर भी बेटी ले गई थी। बेटी के प्रेम प्रसंग की जानकारी से इंकार किया। कहा शबनम के रिश्ते की बात चल रही थी। दो माह में निकाह की तैयारी थी। उधर, गांव वालों के अनुसार दो माह से दोनों में प्रेम प्रसंग की चर्चा थी। पंद्रह दिन पहले युवती के चाचा ने दोनों को साथ देखा था और युवक को फटकार लगाई थी। युवती के दादा के अनुसार, सोमवार की शाम रवेंद्र ने उनकी गली का दो बार चक्कर लगाया था, लेकिन उन्हें दोनों के प्यार की जानकारी नहीं थी।
नए कपड़े बदले, लिपिस्टक व सिंदूर भी मिला
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर युवती के एक जोड़ी पुराने कपडे़ मिले जबकि शरीर पर नया सलवार-कुर्ता था। लिपिस्टिक लगी थी। जमीन पर सिंदूर भी पड़ा मिला। कुछ कदम की दूरी पर दोनों की चप्पलें, तंबाकू की पुड़िया और दो मोबाइल बरामद हुए हैं।
युवक लटका था, जमीन पर थे युवती के पैर
ग्रामीणों के अनुसार, पेड़ की डाल पर रस्सी नहीं बंधी थी। रस्सी के अलग-अलग छोर पर दोनों लटके थे। युवक का शरीर भारी था लेकिन उसका शव करीब ढाई फुट हवा में ऊपर था जबकि युवती के घुटने जमीन को छू रहे थे।
रवेन्द्र उपाध्याय का फाइल फोटो- फोटो : HARDUAGANJ