जिले में बिना लाइसेंस मेडिकल स्टोर चल रहे हैं। इनका संचालन अप्रशिक्षित लोगों के हाथों में है। मंगलवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गोश्त वाली गली में जांच की तो इसका खुलासा हुआ। मेडिकल स्टोर संचालकों को हिरासत में लिया गया है।
विभाग को शिकायत मिली थी कि रोरावर थाना क्षेत्र में गोंडा रोड स्थित गोश्त वाली गली के आसपास कुछ मेडिकल स्टोर बिना लाइसेंस के संचालित हो रहे हैं। मंगलवार को सहायक आयुक्त औषधि अलीगढ़ मंडल पूरन चंद द्वारा टीम गठित की गई। इस टीम में शामिल औषधि निरीक्षक हेमेंद्र चौधरी, औषधि निरीक्षक कासगंज रमेश चंद यादव, औषधि निरीक्षक हाथरस दीपक कुमार एवं थाना पुलिस बल ने छापा मारा। टीम महक मेडिकल स्टोर पहुंची। यहां पर संचालक कमरुद्दीन निवासी ईदगाह रोड, गोश्त वाली गली के पास ड्रग लाइसेंस नहीं था। दूसरा मेडिकल स्टोर, जो कि बगैर नाम के संचालित था, संचालक फैजल अली निवासी गोंडा रोड, गोश्त वाली गली के पास भी ड्रग लाइसेंस नहीं मिला। दोनों मेडिकल स्टोर पर लगभग दो-दो लाख रुपये की बगैर बिल के दवाएं बरामद हुईं। कुछ संदिग्ध दवाएं भी मिलीं।
औषधि निरीक्षक हेमेंद्र चौधरी ने बताया कि दोनों मेडिकल स्टोरों से चार-चार संदिग्ध औषधियों के नमूने जांच के लिए एकत्रित किए गए हैं। जांच के लिए लखनऊ स्थित प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। शेष दवाओं को न्यायालय में वाद दायर किए जाने के लिए पेश किया जाएगा। विवेचना के उपरांत दोनों विक्रेताओं के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।