राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जनपद का राज्य स्तरीय मूल्यांकन करने के लिए 19 सदस्यीय टीम पहुंच गई है। टीम के सदस्य जेएन मेडिकल कॉलेज से लेकर सीएचसी तक जाकर मूल्यांकन कर रही है। टीम ने टीबी मरीजों का ग्राफ कम होने पर सवाल उठाया है।
राज्य क्षय प्रशिक्षण कार्यक्रम के इंचार्ज डॉ. अनुराग श्रीवास्तव द्वारा सीएचसी गभाना का निरीक्षण किया गया। बुलंदशहर के जिला क्षय रोग अधिकारी एवं राज्य क्षय नियंत्रण कार्यक्रम लखनऊ के असिस्टेंट प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. बनवारीलाल ने सीएचसी खैर एवं सीएचसी हरदुआगंज का निरीक्षण एवं मूल्यांकन किया। आगरा आरटीपीएमयू के डॉ. प्रकाश चंद्र द्वारा जेएन मेडिकल कॉलेज का भ्रमण किया गया एवं फील्ड में जाकर मरीजों से बात की गई। टीम द्वारा जनपद में टीबी मरीजों का ग्राफ कम होने पर सवाल उठाया गया हैं। सीएमओ एवं जिला क्षय रोग अधिकारी से सुधारने का आग्रह किया गया है। कार्यक्रम समन्वयक सतेंद्र कुमार ने बताया कि टीबी के कर्मचारी कोविड-19 के कार्य में लगे थे। इसका भी कुछ असर पड़ा है। टीम द्वारा मरीजों से बातचीत कर मिल रही सुविधाओं की भी जानकारी ली जा रही है।