त्योहारी सीजन में टमाटर व प्याज के निरंतर बढ़ते दाम आम लोगों के मुसीबत बने हुए हैं। डेढ़ सप्ताह में इनकी कीमतों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। महाराष्ट्र में भारी वर्षा के चलते नासिक से आने वाले प्याज व टमाटर की आवक मात्र 30 से 40 फीसदी रह गई है। इसके चलते आने वाले दिनों में इन सब्जियों के दाम और भी बढ़ने के आसार हैं।
महाराष्ट्र में बारिश ने कहर ढहा रखा है। इसके चलते नासिक से आने वाली प्याज व टमाटर की आवक में कमी आई है। मंडी व्यवसायी राजकुमार ने बताया कि डेढ़ सप्ताह पहले तक जहां धनीपुर मंडी में प्रतिदिन दस ट्रक आते थे। अब इनकी संख्या तीन से चार रह गई है। डेढ़ सप्ताह पहले तक मंडी में थोक में 20 रुपये किलो के भाव से बिकने वाली प्याज वर्तमान में 35 से 40 रुपये किलो तक बिक रही है। टमाटर के दाम 25 रुपये से बढ़कर 30 से 40 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं। आगामी दिनों में इनके दाम और भी बढ़ने के आसार हैं।
फुटकर में तो और भी ज्यादा हैं टमाटर व प्याज के दाम
अलीगढ़। फुटकर में टमाटर व प्याज के दाम ज्यादा हैं। सब्जी विक्रेता विजय कुमार ने बताया कि फुटकर में प्याज 40-50 रुपये किलो के भाव से बिक रही है। दो सप्ताह पहले तक इसे 20 से 30 रुपये तक बेच रहे थे। सब्जी विक्रेता राज ने बताया कि दो सप्ताह पहले तक टमाटर 30 से 40 रुपये किलो के भाव से बिक रहा था, अब यह 50 रुपये किलो तक बिक रहा है।