आशीष श्रीवास्तव
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के अंतिम दर्शनों के लिए दो दिवसीय अलीगढ़ प्रवास पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार रात के खाने में यूं तो कई आइटम खाए, लेकिन उन्हें अरहर की दाल, चावल एवं खीरे का रायता खासा पसंद आया। खाने के बाद उन्होंने गुलाबजामुन का सेवन किया। पसंद आने पर दिल खोलकर तारीफ भी की। सोमवार सुबह के नाश्ते में काढ़ा पीने के बाद उन्होंने गोभी व आलू के दो परांठे खाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को सायं चार बजे के करीब अलीगढ़ पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर के दर्शन करने के उपरांत रात करीब साढ़े दस बजे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह व आरपी सिंह के साथ डिनर लिया। डिनर में उन्हें लौकी व चने की दाल, अरहर की दाल, चावल, खीरे का रायता व रोटी परोसी गई। उन्हें अरहर की दाल व चावल बेहद पसंद आए। उन्होंने मात्र तीन रोटियां ही खाईं। इसके बाद उन्हें मिठाई के रूप में गुलाब जामुन परोसा गया। हालांकि उन्होंने मात्र एक पीस ही खाया, लेकिन इसका स्वाद भी बेहद पसंद करते हुए जमकर प्रशंसा की। सोमवार सुबह काढ़ा पीने के बाद साढ़े सात बजे गोभी व आलू के दो पराठे खाए। हालांकि अंत्येष्टि कार्यक्रम के चलते उन्होंने लंच से परहेज रखा। खान पान की व्यवस्था संभालने वाले प्रेमी कैटरर्स ने बताया कि दोपहर के खाने का मैन्यू लौकी के कोफ्ते, तोरई की सब्जी व रोटियों का था। इसे सीधे मुख्यमंत्री के राजकीय विमान में रखवा दिया गया।