कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी देते पकड़ा गया किशोर।
- फोटो : CITY OFFICE
गभाना तहसील के पिसाबा कस्बे के पास सबलपुर गांव स्थित डीआर ग्रुप ऑफ एजूकेशन संस्थान में चल रही आगरा विवि की बीए-बीएससी की गणित की परीक्षा में जब उड़नदस्ता पहुंचा तो वह हैरान हो गया, क्योंकि यहां एक कमरे में तकरीबन 14-15 साल का किशोर छात्र-छात्राओं को गणित की परीक्षा दिला रहा था। सीसीटीवी कैमरे बंद थे। मॉनीटर को निकालकर अलग रख दिया गया था। उड़नदस्ते का नेतृत्व कर रहे डॉ. मोहम्मद हुसैन आईएसएस ने विधि अनुसार कार्रवाई कर विश्वविद्यालय को रिपोर्ट प्रेषित कर दी है।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा की सुबह साढ़े 11 बजे से बीए-बीएससी द्वितीय वर्ष की गणित, एमकॉम अंतिम वर्ष की जीआर एबीसी पेपर द्वितीय, एमए-एमएसी अंतिम वर्ष की गणित-प्रथम, एमएससी अंतिम वर्ष की भौतिक विज्ञान के प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा शुरू हुई। डॉ. मोहम्मद हुसैन के नेतृत्व में उड़नदस्ता डीआर ग्रुप ऑफ एजूकेशन परीक्षा केंद्र पर पहुंचा। निरीक्षण के दौरान एक कमरे में 14-15 वर्ष का किशोर कक्ष निरीक्षक के रूप में मिला। वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। उड़न दस्ते के सदस्य सीसीटीवी कंट्रोल रूम पहुंचे। लेकिन यहां मॉनीटर अलग रखा था, कनेक्शन भी नहीं था। सीसीटीवी कैमरे बंद थे। मो. हुसैन ने तत्काल विवि के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और विधि अनुसार कार्रवाई की। रिपोर्ट आगरा विवि को प्रेषित कर दी गई है। विश्वविद्यालय की अलीगढ़ में जनसंपर्क अधिकारी डॉ. सुनीता गुप्ता ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे संचालित न होने और कक्ष निरीक्षक के रूप में एक किशोर के मिलने की जानकारी मिली है। उड़नदस्ते ने कुलपति के नकल विहीन परीक्षा संपादित करने वाले निर्देशों के क्रम में कार्रवाई की है। उड़न दस्ते में डॉ. प्रबोध श्रीवास्तव, डॉ. वीके सिंह, डॉ. आशुतोष यादव आदि मौजूद रहे।