व्यापार सुरक्षा प्रकोष्ठ के तहत कारोबार की श्रेणीवार व्यापारियों की सुरक्षा, समस्याओं को दूर करने पर पुलिस स्तर से पहल शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में बृहस्पतिवार को पेट्रोल पंप संचालक एसोसिएशन की बैठक सुरक्षा विहार सीओ द्वितीय कार्यालय में हुई। इस दौरान तमाम पहलुओं पर चर्चा हुई। दोनों ओर से कई पहलुओं पर सामंजस्य तय हुआ। इसी कड़ी में बैठक 31 जुलाई को भी तय है।
सीओ द्वितीय मोहसिन खान व एसीएम की मौजूदगी में हुई बैठक में बन्नादेवी, गांधीपार्क व महुआ खेड़ा क्षेत्र के जीटी रोड व हाईवे क्षेत्र के पंप संचालक मौजूद रहे। इस दौरान व्यापारियों की सुरक्षा, बैंक में होने वाले लेनदेन, पंप पर आए दिन होने वाले विवाद आदि पर चर्चा हुई। यहां तय हुआ कि जब भी पंप संचालक बड़ा भुगतान लेकर बैंक जाएंगे तो उन्हें मांगने पर पुलिस सुरक्षा मिलेगी। इसके अलावा पंप पर निर्धारित मात्रा से अधिक पेट्रोल खुले में बोतल में नहीं मिलेगा। पंप पर सीसीटीवी की दिशा और डीवीआर सुरक्षित स्थान पर रखी जाएगी। उसकी समय-समय पर मॉनीटरिंग होगी और एक रजिस्टर भी बनेगा, जिसमें समय समय पर चेकिंग होगी। इसके अलावा साइबर जागरूकता संबंधी अभियान में पंप एसोसिएशन सहयोग करेगी। इस मौके पर तीनों थानों के प्रभारी व डेढ़ दर्जन पंप संचालक मौजूद रहे।