ज्ञान सरोवर में भट्ठा कारोबारी के यहां चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : CITY OFFICE
महानगर के क्वार्सी क्षेत्र की प्रोफेसर कालोनी में शनिवार रात चोरों ने ईंट भट्ठा कारोबारी के बंद मकान को निशाना बनाकर 30 लाख रुपये का माल पार कर दिया। पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर हुई वारदात की खबर पर पुलिस भी पहुंच गई। घटना उस समय हुई, जब दंपती मेंहदीपुर बालाजी दर्शन करने गए थे। तभी पीछे से चोरों ने घर को निशाना बनाया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी की मदद से बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
ज्ञान सरोवर से सटी पुलिस चौकी के सामने की प्रोफेसर कॉलोनी निवासी दिलीप अग्रवाल पुत्र रामअवतार गर्ग का कौड़ियागंज में ईंट भट्ठा है। शुक्रवार को वे पत्नी ममता के साथ मेंहदीपुर बालाजी दर्शन करने गए थे। बेटा काव्य और बेटी आशी रह गए, जो रात में पास में ही राज अपार्टमेंट में मामा के घर सोने गए। किसी समय रात में चोर घर में दीवार फांदकर घुस गए और पांच लाख की नकदी और 25 लाख के जेवर आदि लेकर फरार हो गए। रविवार दोपहर बेटा अपने घर पहुंचा तो सामान बिखरा देख सबसे पहले मामा और फिर पापा को फोन पर जानकारी दी। शोरशराबे पर वहां भीड़ जमा हो गई। खबर पर इलाका पुलिस भी पहुंच गई। दोपहर में दिलीप भी अलीगढ़ के लिए चल दिए थे। पुलिस जांच में यह जरूर साफ हुआ कि चोर घर की अलमारी में रखी लाइसेंसी पिस्टल व मैगजीन छोड़ गए, जबकि सीसीटीवी की डीवीआर साथ ले गए हैं। क्वार्सी पुलिस के अनुसार आसपास के सीसीटीवी की मदद बदमाशों को तलाशा जा रहा है।